अभिनव अरोड़ा का इंस्टाग्राम अकाउंट हुआ बंद, बाल संत ने किन लोगों पर लगाया आरोप?
- Abhinav Arora Instagram account: सोशल मीडिया पर बाल संत के नाम से मशहूर अभिनव अरोड़ा का इंस्टाग्राम अकाउंट बंद हो गया है। अभिनव ने एक दूसरे अकाउंट पर वीडियो पोस्ट करके यह जानकारी दी।

सोशल मीडिया पर भक्ति से जुड़ा कंटेंट डालने वाले 10 वर्षीय अभिनव अरोड़ा का इंस्टाग्राम अकाउंट बंद हो गया है। अपने फॉलोअर्स के बीच में बाल संत के नाम से मशहूर अभिनव ने हैंडल बंद होने का आरोप अपने विरोधियों पर लगाया। अभिनव के इंस्टाग्राम हैंडल पर करीब 10 लाख फॉलोअर्स थे, इसी के जरिए वह लोगों के सामने अपना कंटेंट पहुंचाते थे। हालांकि लगभग चार दिन पहले उनके हैंडल को हटा दिया गया था। उनके अकाउंट को सर्च करने पर अब 'यह अकाउंट उपलब्ध नहीं है' लिखा हुआ आ रहा है।
अभिनव ने एक दूसरे अकाउंट के जरिए ने दावा किया कि कुछ लोगों ने साजिश करके उनके अकाउंट को बंद करवा दिया है। उन्होंने कहा कि ज्यादा कुछ नहीं हुआ है, बस मेरा इंस्टाग्राम अकाउंट बंद हो गया है।भगवान कृष्ण के स्वयंभू भक्त अभिनव ने कहा कि कुछ लोग हैं, जो नहीं चाहते थे कि एक कृष्ण भक्त का संदेश बड़ी संख्या में दर्शकों तक पहुंचे। मेरा इंस्टाग्राम अकाउंट बंद करवाना सबसे आसान तरीका था, इसीलिए उन्होंने ऐसा करवा दिया।
अभिनव ने कहा कि यह लोग और उनकी साजिशें उनकी कृष्ण भक्ति के सामने ज्यादा टिकी नहीं रह सकती। उन्होंने कहा कि विश्वास की शक्ति को कोई नहीं रोक सकता। अभिनव ने जोर देते हुए कहा कि वह केवल एक भक्त हैं कोई इन्फलुएंसर नहीं। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है कि अभिनव का अकाउंट इंस्टाग्राम ने हटाया है या फिर मास रिपोर्ट की वजह से बंद कर दिया गया है।
अभिनव सोशल मीडिया पर अपने अनोखे अंदाज के लिए चर्चा का केंद्र बने रहते हैं। अभी हाल ही में उन्होंने महाकुंभ में डुबकी लगाते हुए भी अपनी एक वीडियो पोस्ट की थी, जिसे लाखों लोगों ने पसंद किया था। हालांकि उस वीडियो के दौरान उनके हाथ में लग्जरी बैग ब्रांड डॉयर का बैग था, इसकी वजह से वह फिर से ट्रोल हो गए थे। इससे पहले भी अभिनव को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाता रहा है। उनके माता-पिता ने इसे लेकर कुछ इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ केस भी दर्ज करवाया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।