भारत के ताकत की गूंज पूरे विश्व में सुनाई दी : त्रिवेंद्र
बौद्ध उत्सव मेला समिति द्वारा आयोजित बुद्ध पूर्णिमा कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति का मूल मंत्र शांति है, लेकिन अगर पड़ोसी परेशान करे तो...

बौद्ध उत्सव मेला समिति की ओर से नगर के एक वेडिंग प्वाइंट में बुद्ध पूर्णिमा पर आयोजित कार्यक्रम में सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र रावत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति का मूल मंत्र है दुनिया में शांति बनाए रखना और किसी को सताना नहीं। लेकिन अगर पड़ोसी परेशान कर रहा है तो वर्तमान परिदृश्य में उसे उसी की भाषा में जवाब देना जरूरी है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विश्व में हमेशा से ही शांति दूत के तौर पर जाना जाता है, लेकिन हमारी शांति प्रियता को कमजोरी नहीं समझना चाहिए।
हम शांति का संदेश देने के साथ ही खुद पर हुए हमले का भी कड़ा जवाब देते हैं। उन्होंने कहा कि उपदेश भी वही देता है, जिसके पास खुद को बचाने की ताकत भी हो। पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को उसी के घर में जाकर करारी चोट पहुंचाई है। कहा कि जब भारत ने ताकत दिखाई तो उसकी गूंज पूरे विश्व में सुनाई दी। कहा कि हमने अपने नागरिकों की हत्या का बदला लिया है। इस ऑपरेशन सिंदूर से पूरे विश्व को यह जानकारी मिली कि भारत अपने दुश्मन को उसी के घर में मारने की ताकत रखता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास वही बनाते हैं, जो विजय प्राप्त करते हैं। इस लिहाज से भारत सदियों से इतिहास बनाता आ रहा है। कहा कि भारत भगवान बुद्ध और सम्राट अशोक के सिद्धांतों पर चलते हुए अपनी रक्षा करना भी जानता है। इस दौरान नीरज सैनी, रितेश असवाल, कपिल शर्मा आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।