विकासनगर, सेलाकुई में देर रात झमाझम बारिश
विकासनगर और सेलाकुई में बादलों की लुकाछिपी के बाद देर रात झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को ठंड का अहसास हुआ। चकराता में भी बारिश से तापमान में गिरावट आई। मौसम में बदलाव से लोग परेशान हैं और बारिश ने...

विकासनगर और सेलाकुई में सुबह से चल रही बादलों की लुकाछुपी के बाद देर रात झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। उधर, चकराता में भी दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। जिससे चकराता के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। चकराता का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 20 डिग्री और 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विकासनगर, सेलाकुई में सुबह से आसपास में बादल थे। जिससे लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। शाम को हल्की बूंदाबादी हुई तो लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। इसके बाद सेलाकुई में शाम को झमाझम बारिश शुरू हो गई।
देर रात विकासनगर में भी तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश वातावरण में ठंडक आ गई। वहीं, मई माह के दूसरे सप्ताह में भी चकराता का मौसम हर दिन अपना रंग बदल रहा है। बदल रहे मौसम के इस मिजाज से क्षेत्रवासी परेशान हैं। चकराता में गुरुवार सुबह से ही बादलों के बीच धूप की लुकाछिपी चलती रही। दोपहर होते होते मौसम ने करवट बदली और एक बजे के आसपास पूरे क्षेत्र में बारिश होने लगी जो लगभग एक घण्टा होती रही। बारिश के कारण शाम होने तक मई माह में भी लोगो को सर्दी का अहसास हो गया। बारिश रुकने के बाद स्थानीय लोग व चकराता आये पर्यटक भी गर्म कपड़े पहने नजर आए। बारिश के बाद बाजार भी एकदम सुनसान हो गया। गुरुवार को बारिश के बाद चकराता का तापमान अधिकतम तापमान 20 डिग्री व न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस पर चला गया। उधर रोजाना बदल रहे इस मौसम से लोगो का स्वास्थ्य भी खराब हो रहा है। साथ ही इस बारिश से फसलों को भी नुकसान हो रहा है। हालांकि बारिश होने से प्रकृतिक जल स्रोत रिचार्ज हो रहे हैं जिससे कुछ दिन पानी की समस्या से निजात मिलती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।