होली पर पछुवादून के बाजार रहे गुलजार

भारतीय संस्कृति में प्रेम और उल्लास के त्योहार होली को लेकर बाजार सज गये हैं। शनिवार को साप्ताहिक बंदी के बावजूद, बाजार में रौनक बनी रही।...

Newswrap हिन्दुस्तान, विकासनगरSat, 27 March 2021 11:20 AM
share Share

होली को लेकर साप्ताहिक बंदी में दी गई थी छूट

बाजार में हर्बल रंगों की रही ज्यादा डिमांड

विकासनगर। हमारे संवाददाता

पछुवादून के बाजार होली को लेकर सज गए हैं। शनिवार को बाजार में रौनक बनी रही। क्षेत्रवासियों में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

रंगों के पर्व होली के चलते बाजारों में होली का रंग चढ़ गया है। नगर क्षेत्र सहित हरबर्टपुर, सहसपुर, सेलाकुई, धर्मावाला, हरिपुर, कालसी, कुल्हाल आदि बाजारों में रंगों के साथ पापड़, चिप्स और पिचकारी की दुकानें सजी हुई हैं। जहां, लोगों ने जमकर खरीददारी की। त्योहार के चलते शनिवार को साप्ताहिक बंदी में छूट के बाद बाजार देर रात तक गुलजार रहे। होली के रंगों से बाजार सजा हुआ है। लेकिन, इस बार रंगों के प्रति लोगों में जागरूकता भी नजर आ रही है। यही कारण है कि रासायनिक रंगों के बजाय हर्बल अबीर-गुलाल लोगों की पसंद बने हुए हैं। मुख्य बाजार में दुकान लगाने वाले संतोष, विशाल ने बताया कि इस बार लोग पारंपरिक रंग गुलाल की अधिक खरीदारी कर रहे हैं। हर्बल गुलाल की डिमांड ज्यादा है।

होलिका दहन आज

होली पर्व को लेकर बना लोगों का उल्लास लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को दिन में पूजा अर्चना के बाद रात को निर्धारित शुभ मुहूर्त पर होलिका दहन होगा। क्षेत्र में जगह-जगह सजाई गई होलिका को श्रद्धालु दहन करेंगे। इसके साथ ही फिजाओं में होली पर्व की खुशियां गूंज उठेंगी। सोमवार को लोग रंगों की होली खेलेंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें