हरबर्टपुर में खुला जिला सैनिक कल्याण कार्यालय
विकासनगर में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने हरबर्टपुर में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय का उद्घाटन किया। अब पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को देहरादून जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इस कार्यालय से लगभग...
विकासनगर, कार्यालय संवाददाता। विकासनगर, सहसपुर, कालसी, चकराता के पूर्व सैनिकों, वीरनारियों को अब अपने कार्यों के लिए देहरादून की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। अब जिला सैनिक कार्यालय हरबर्टपुर में ही उनके सभी कार्य हो जाएंगे। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय हरबर्टपुर का उद्घाटन किया। सैनिक कल्याण कार्यालय खोलने पर पूर्व सैनिकों ने मुख्यमंत्री और मंत्री जोशी की सराहना की। इस दौरान सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि लगभग एक वर्ष पूर्व उनके अनुरोध पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकासनगर क्षेत्र में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय खोलने की घोषणा की थी। कहा कि ठीक एक साल बाद हरबर्टपुर में सैनिक कल्याण कार्यालय खुल गया है। यह साबित करता है कि धामी सरकार में विकास कार्य तेज गति से हो रहे हैं। निश्चित ही इस सैनिक कल्याण कार्यालय के उद्घाटन से सहसपुर ब्लॉक, विकासनगर, कालसी, चकराता आदि क्षेत्रों के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को अब अपने कार्यों के लिए देहरादून नहीं जाना पड़ेगा। क्षेत्र के लगभग 14 हजार से अधिक पूर्व सैनिकों, वीर नारियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ के साथ ही उन्हें विभिन्न समस्याओं के निराकरण की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल जाएगी।
सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। सैनिकों के सम्मान के लिए देहरादून में सैन्यधाम का निर्माण हो रहा है। उत्तराखंड के बलिदानी सैनिकों के परिजनों को मिलने वाली 10 लाख रुपये की धनराशि को बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया गया है। द्वितीय विश्व युद्ध की अनुदान राशि, विशिष्ट सेना मेडल अवार्ड राशि में बढ़ोतरी तथा वीरता पदक पुरस्कार की एक मुश्त अनुदान राशि में भी कई गुना बढ़ोतरी की गई है। इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व सैनिक संगठनों के पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने विभिन्न मांगों के सम्बन्ध में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी को ज्ञापन भी सौंपा। इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, सैनिक कल्याण निदेशक (से.नि.) ब्रिगेडियर अमृतलाल लाल, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी देहरादून वीरेंद्र भट्ट, शमशेर बिष्ट समेत कई पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
------
जल्द सैनिक विश्राम गृह, ईसीएच की भी सुविधा
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि क्षेत्र के पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार जुटी है। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय खुल चुका है। अब जल्द ही विकासनगर में सैनिक विश्राम गृह और ईसीएच का निर्माण किया जाएगा। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को काफी सुविधा मिलेगी। कहा कि इसके लिए शीघ्र ही भूमि का चयन किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।