Notification Icon
Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़Six Indians who went to Nepal on Mahashivaratri festival arrested not released even after 24 hours

महाशिवरात्रि पर्व पर नेपाल गए छह भारतीय गिरफ्तार, 24 घंटे बाद भी नहीं हुई रिहाई

महाशिवरात्रि पर्व के मौके पर नेपाल के ब्रह्मदेव मंदिर गए भारतीय नागरिकों की नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) के साथ मामूली कहासुनी के बाद विवाद भड़क उठा। 24 घंटे बीतने के बाद भी नहीं छोड़ा गया था।

Himanshu Kumar Lall टनकपुर (चम्पावत), संवाददाता।, Sun, 19 Feb 2023 02:29 PM
share Share

महाशिवरात्रि पर्व के मौके पर नेपाल के ब्रह्मदेव मंदिर गए भारतीय नागरिकों की नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) के साथ मामूली कहासुनी के बाद विवाद भड़क उठा। एपीएफ ने अभद्रता का आरोप लगाते हुए छह भारतीय नागरिकों को शनिवार शाम हिरासत में लिया है, जिन्हें रविवार को 24 घंटे बीतने के बाद भी नहीं छोड़ा गया था।

उधर, विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंची एसएसबी के वीडियो बनाने पर भी नेपाल एपीएफ ने आपत्ति जताई है। शनिवार को महाशिवरात्रि पर सीमा से सटे भारतीय इलाके के चम्पावत जिले के टनकपुर स्थित उचौलीगोठ निवासी छह लोग ब्रह्मदेव मंदिर गए थे। बताया जा रहा है कि शाम करीब पांच बजे वापसी के दौरान भारतीय नागरिक नोमैंस लैंड क्षेत्र में नेपाली नागरिकों की कुछ बाइकों पर बैठे हुए थे।

इस पर नेपाल एपीएफ के जवानों ने भारतीय नागरिकों को वहां से जाने को कहा, जिसे भारतीय नागरिकों ने अनसुना कर दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स का आरोप है कि भारतीय नागरिकों ने उनके साथ अभद्रता की। विवाद बढ़ने पर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर एसएसबी और भारतीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस बीच एसएसबी जवानों के मौके का वीडियो बनाने पर भी नेपाल एपीएफ ने आपत्ति जताई।

भारतीय पक्ष की ओर से काफी देर तक मामला सुलझाने की कोशिश की गई लेकिन एपीएफ नहीं मानी। जिसके बाद सभी छह भारतीय नागरिकों को नेपाल एपीएफ ब्रह्मदेव स्थित चौकी ले गई, जिन्हें रविवार देर शाम तक भी नहीं छोड़ा गया है। बताया जा रहा है नेपाल पुलिस हिरासत में लिये भारतीयों को महेंद्रनगर थाने ले गई है।

शनिवार को नेपाल एपीएफ ने टनकपुर के कुछ लोगों पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए हिरासत में लिया है। फिलहाल उन्हें छोड़े जाने की जानकारी नहीं है। हमारी पुलिस भी सूचना के बाद मौके पर गई थी। भारतीयों नागरिकों पर कार्रवाई की जानकारी नहीं है।
अविनाश वर्मा, सीओ, टनकपुर।            

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें