कीर्तिनगर के मालूपानी से मालू के पेड़ों का हो रहा अवैध कटान
सुदेश गौड़ श्रीनगर, संवाददाता। एक तरफ पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार की

एक तरफ पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार की ओर से तमाम प्रयास किए जा रहे हैं वहीं विकासखंड कीर्तिनगर के ग्राम पंचायत पैंडुला के मालूपानी में मालू के पेड़ों का सफाया किया जाा रहा है। इन दिनों यहां कुछ शरारती तत्वों द्वारा मालू के हजारों पेड़ों को ठिकाने लगाने का काम किया जा रहा है। मालूपानी निवासी दिनेश प्रसाद लखेड़ा ने कहा कि कुछ शरारती तत्व मालू के पेड़ों का अवैध कटान कर अपने फायदे के लिए पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर तमाम योजनाओं को संचालित कर रही है, लेकिन शरारती तत्वों द्वारा वृक्षों का अवैध दोहन कर पर्यावरण को खतरे में डालने का काम किया जा रहा है। ग्राम पंचायत पैंडुला के ही लूसी, अमरोली और धनानंद तोक में मालू के पेड़ों का अवैध कटान किया जा रहा है। इसके पत्तों की सप्लाई सप्लाई पत्तल, दोने बनाने की फैक्ट्री में की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में ही पतल, दोने बनाने की फैक्ट्री है, जो कि बिना पंजीकरण के एक सहायता समूह द्वारा चलाई जा रही है। फैक्ट्री द्वारा उत्पाद उच्च दामों पर देहरादून और दिल्ली में बेचे जा रहे हैं। कहा कि पहले मालू के पत्तों को खरीदा जा रहा था, लेकिन अब पूरे ही पेड़ को तने से काटा जा रहा है, जो कि पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है। कहा कि पूर्व में वन विभाग की ओर से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई थी, साथ ही स्थानीय प्रशासन को भी लिखित रूप से भी सूचित किया गया था बावजूद इसके अराजक तत्वों पर कोई भी कार्यवाही अमल में नहीं लाई गई। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन का इसी तरह से संरक्षण रहा तो आने वाले समय में वन संपदा पूर्ण रूप से नष्ट हो जाएगी। उन्होंने आरोपियों पर वन अधिनियम के तहत सख्त कार्यवाही किए जाने की मांग की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।