गृह मंत्री के बेटे के नाम पर विधायक अरोड़ा से मांगे तीन करोड़
रुद्रपुर में एक व्यक्ति ने गृह मंत्री अमित शाह के बेटे का नाम लेकर विधायक शिव अरोड़ा से 3 करोड़ रुपये की मांग की। कॉल पर उसने मंत्री बनाने का झांसा दिया। विधायक ने मामला पुलिस को बताया, जिसके बाद...

रुद्रपुर, संवाददाता। एक व्यक्ति ने गृह मंत्री अमित शाह के बेटे के नाम पर विधायक शिव अरोड़ा को कॉल कर मंत्री बनाने का झांसा देकर पार्टी फंड के नाम पर 3 करोड़ रुपये देने की मांग की है। मामले में विधायक के सहयोगी अभिषेक की तहरीर पर पुलिस ने रविवार को अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा के सहयोगी काशीपुर रोड निवासी अभिषेक मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 फरवरी की दोपहर विधायक के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। कॉलर ने खुद को कथित रूप से केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बेटा जय शाह बताया। करीब 14 मिनट 22 सेकेंड तक चली कॉल में उसने विधायक से राजनीतिक विषयों पर चर्चा की और कहा कि वह अभी अडाणी के बेटे की शादी में शामिल होकर लंदन से वापस आ रहा है। शक होने पर विधायक ने उनको इशारा किया और फोन कॉल को स्पीकर पर डालकर रिकॉर्ड करने लगे। इसमें करीब 12 मिनट 51 सेकेंड की कॉल रिकॉर्ड हुई है। इसके बाद कॉलर उनको उत्तराखंड सरकार में महत्वपूर्ण पद देने की बात करने लगा और कहा कि उत्तराखंड सरकार के तीन मंत्री बदलने हैं। उनका नाम भी मंत्री के लिए गया है। कहा कि उनके पिता अमित शाह 14 फरवरी को हल्द्वानी राष्ट्रीय खेलों के समापन पर आ रहे हैं। इसके बाद वह दिल्ली आएंगे और उनको भी दिल्ली आने के लिए कहा है। विधायक से कहा कि पार्टी फंड में आपसे सहयोग के लिए 3 करोड़ की अपेक्षा है। इसकी व्यवस्था उनको दिल्ली में करनी है। इसके बाद वह मंत्री फाइनल कर रहे हैं। इस पर विधायक ने गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से बात करने की बात कही तो कॉलर ने उनके व्यस्त होने की बात कही। इसके बाद कॉल काट दी गई। शाम करीब सात और रात 9 बजे विधायक के मोबाइल पर फिर उसी नंबर से कॉल आई। वहीं विधायक के प्रोग्राम में व्यस्त होने की बात कहने पर कॉलर ने रात 11 बजे तीन बार कॉल की, लेकिन विधायक ने कॉल रिसीव नहीं की। सोमवार को विधायक अरोड़ा ने मामले को लेकर अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता भी की। आरोप है कि फ्रॉड व्यक्ति जय शाह के नाम पर कॉल कर मंत्री बनाने के लिए पैसे की डिमांड कर रहा है।
कोट...
मामले में मुकदमा दर्ज हो गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों से पूछताछ की हैं। विजिलेंस टीम नंबर के जरिए कॉलर की जानकारी जुटाने में लगी है। जल्द अज्ञात कॉलर पुलिस की गिरफ्त में होगा।
- मणिकांत मिश्रा, एसएसपी, ऊधमसिंह नगर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।