हेड कांस्टेबल को थप्पड़ मारने वाला भाजपा नेता गिरफ्तार
रुद्रपुर में अटरिया रोड पर एक भाजपा नेता राधेश शर्मा को हेड कांस्टेबल हरवीर सिंह को थप्पड़ मारने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।...

रुद्रपुर, संवाददाता। अटरिया रोड पर शुक्रवार दोपहर हेड कांस्टेबल को थप्पड़ जड़ने के आरोप में भाजपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को पुलिस ने आरोपी भाजपा नेता को एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई है। वहीं हेड कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो गई है। पुलिस लाइन रुद्रपुर में तैनात फौजी मटकोटा निवासी हेड कांस्टेबल हरवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार को वह चाय पीने अटरिया ढाल पर गए थे। इस दौरान अंग्रेजी शराब भट्टी के पास भाजपा नेता राधेश शर्मा अपने 8-10 साथियों के साथ आए। आरोप है कि उनको देखकर पुलिस के बारे में गाली-गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर आग बबूला होकर उन्होंने अन्य साथियों के साथ मिलकर उनसे मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। उन्हें थप्पड़ मारा। राधेश शर्मा भाजपा उत्तरी मंडल के महामंत्री हैं। उनकी पत्नी पार्षद हैं। थाना ट्रांजिट कैंप प्रभारी मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि पुलिस ने आरोपी भाजपा नेता राधेश शर्मा और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शुक्रवार देर रात पुलिस ने आरोपी राधेश को अटरिया रोड से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई है। अन्य आरोपियों को पुलिस चिह्नित कर रही है।
वहीं शुक्रवार शाम मामले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। इस दौरान भाजपा नेता ने हेड कांस्टेबल पर नशे में एक व्यक्ति का मोबाइल छीनने का आरोप लगाया था। इसके बाद एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया था। एसएसपी ने बताया कि हेड कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय जांच की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।