कमल जिंदल लगातार दूसरी बार बने भाजपा जिलाध्यक्ष रुद्रपुर
रुद्रपुर में भाजपा ने 2025 के चुनावों के लिए कमल जिंदल को जिलाध्यक्ष घोषित किया। यह उनका लगातार दूसरा कार्यकाल है। जिंदल की दोबारा ताजपोशी का कारण भाजपा के निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन को माना जा...

रुद्रपुर, वरिष्ठ संवाददाता। संगठन चुनाव 2025 के तहत हुई रायशुमारी के बाद सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्षों के नाम की घोषणा कर दी गई। भाजपा जिला कार्यालय में जिला चुनाव अधिकारी कैलाश शर्मा ने भाजपा जिलाध्यक्ष रुद्रपुर के लिए कमल जिंदल के नाम की घोषणा की। भाजपा जिलाध्यक्ष रुद्रपुर के रूप में यह कमल जिंदल का लगातार दूसरा कार्यकाल होगा। उनके कार्यकाल के दौरान हुए निकाय चुनावों में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन को उनकी दोबारा ताजपोशी का अहम कारण माना जा रहा है। वहीं स्थानीय विधायक शिव अरोड़ा के बेहद करीबियों में भी जिंदल की गिनती होती है। जिलाध्यक्ष की दावेदारी कर रहे 15 दावेदारों को पीछे छोड़ते हुए जिंदल दोबारा जिलाध्यक्ष बने हैं। भाजपा जिला कार्यालय बिगवाड़ा में सोमवार को जिलेभर से कार्यकर्ता पहुंचे। यहां जिला चुनाव अधिकारी कैलाश शर्मा, पर्यवेक्षक देवेंद्र बेला, सहकारिता बैंक के अध्यक्ष दान सिंह रावत की मौजूदगी में कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा, मेयर विकास शर्मा, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा भी मंच पर मौजूद रहे। सबसे पहले प्रदेश से आए पर्यवेक्षकों ने अपने विचार रखे। वहीं इसके बाद जिला चुनाव अधिकारी और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा ने अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतान्त्रिक पार्टी है। यहां पारदर्शिता से मंडल से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक के चुनाव होते हैं। उन्होंने कहा एक सामान्य सा कार्यकर्ता भी भाजपा में शीर्ष पदों तक पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी को निभाता रहा है। ऐसे भाजपा में कई उदाहरण हैं। दावेदारी करना सभी का अधिकार है। वहीं ज़ब किसी एक की घोषणा हो जाती है तो उसके साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करना सभी कार्यकताओं का दायित्व है। वहीं चुनाव अधिकारी के सम्बोधन के दौरान ही प्रदेश नेतृत्व ने पत्र प्रेषित किया। इसके बाद चुनाव अधिकारी शर्मा ने बताया कि ऊधमसिंह नगर जिले के अध्यक्ष के रूप में प्रदेश चुनाव अधिकारी खजान दास ने कमल कुमार जिंदल के नाम की घोषणा की है। इसके बाद सामने की पंक्ति में बैठे कमल जिंदल को ससम्मान मंच पर लाया गया और उनका पुनः जिलाध्यक्ष रुद्रपुर बनने पर फूल मालाओं से स्वागत किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।