दर्शनों को कतार में खड़े यात्रियों को मिले गर्म पानी: आनंद बर्द्धन
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने केदारनाथ धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों के लिए गर्म पानी की व्यवस्था करने, शौचालयों की स्थिति की जांच करने और रेन शेल्टरों में जानकारी...

आगामी केदारनाथ धाम की यात्रा को देखते हुए प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने केदारनाथ धाम पहुंचर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जबकि केदारनाथ धाम से लेकर रुद्रा प्वाइंट तक निरीक्षण करते हुए यात्रा व्यवस्थाएं जांची। उन्होंने निर्देश दिए कि दर्शनों के लिए कतार में खड़े यात्रियों को गर्म पानी की व्यवस्थाएं की जाए ताकि उन्हें आरामदाय अनुभव प्राप्त हो सके। शनिवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम पहुंचे। यहां उनके साथ पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे और जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सौरभ गहरवार भी मौजूद थे। मुख्य सचिव ने केदारनाथ में चारधाम यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अफसरों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने मंदाकिनी और सरस्वती नदी पर बने वेली ब्रिज का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि, इन पुलों का निर्माण पूरा हो गया है जिससे यात्रियों को आने जाने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने आस्था पथ पर बने रेन शेल्टरों का निरीक्षण किया। कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए इन रेन शेल्टरों में एलईडी साइनेज लगाए जाए। ताकि यात्रियों को यह स्पष्ट जानकारी मिल सके कि, शौचालय, मेडिकल सहायता और अन्य जरूरी सुविधाएं किस स्थान पर उपलब्ध हैं। मुख्य सचिव ने जोर देते हुए कहा कि दर्शनों के लिए कतार में खड़े यात्रियों को गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि वे ठंडे मौसम में भी आरामदायक अनुभव प्राप्त कर सकें। उन्होंने मंदिर परिसर से लेकर सरस्वती नदी के किनारे बने आस्था पथ पर स्वच्छता का निरीक्षण किया। यहां स्थापित शौचालयों की स्थिति को भी जांचा। उन्होंने गढ़वाल मंडल विकास निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग में बने सभी कॉटेजों की मरम्मत समय पर पूरी कर ली जाए। साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जाए। यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने केदारनाथ से लेकर रुद्रा प्वाइंट और घोड़ा पड़ाव तक यात्रियों की भीड़ प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा, विश्राम और सफाई व्यवस्था की समीक्षा की।
इस मौके पर जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि केदारनाथ यात्रा से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली गई हैं। कुछ शेष कार्य हैं उन्हें यात्रा शुरू होने से पहले पूरा कर लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को नियमित रूप से यात्रा मार्ग की चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा के लिए ट्रेफिक प्लान भी तैयार किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।