ऋषिकेश में होगा दिग्गज योगगुरुओं का जमावड़ा, योग महोत्सव को लेकर क्या है पूरा कार्यक्रम?
- ऋषिकेश में एक मार्च से अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। इस महोत्सव में देश के दिग्गज योगगुरु हिस्सा लेंगे। सात दिनी योग महोत्सव में 20 हजार से अधिक योग साधक पहुंचेंगे।

ऋषिकेश में एक मार्च से अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। इस महोत्सव में देश के दिग्गज योगगुरु हिस्सा लेंगे। सात दिनी योग महोत्सव में 20 हजार से अधिक योग साधक पहुंचेंगे। एमडी-जीएमवीएन विशाल मिश्रा ने बताया कि ऋषिकेश में एक से सात मार्च तक होने जा रहे योग महोत्सव में धर्म, अध्यात्म और योग जगत के जाने-माने गुरु और योगाचार्य का सानिध्य मिलेगा।
इस महोत्सव में स्वामी अवधेशानंद गिरि, आचार्य बालकृष्ण, स्वामी आत्मस्वरूप, जया किशारी और अक्षत गुप्ता का मार्गदर्शन मिलेगा। रोज शाम को होने वाले सांस्कृतिक समारोह में इंडियन ओशियन, प्रेम जोशुआ, ज्योति नूरान और लोक गीत-नृत्यों की प्रस्तुति होगी। विभिन्न सत्रों में ग्रैंड मास्टर अक्षर, योगी अभिषेक सोती, योगिनी उषा माता, डॉ. लक्ष्मी नारायण जोशी, डॉ. अर्पिता नेगी, योगिनी उर्मिला पांडेय और मेघा चौधरी व्याख्यान देंगी। योगाचार्य रोजाना प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराएंगे।
पिछले साल 42 देशों के 890 विदेशी मेहमान आए:ऋषिकेश में तीन दशक से अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का आयोजन हो रहा है। पिछले साल 42 देशों के 890 विदेशी मेहमानों ने इस महोत्सव में हिस्सा लिया। इस बार यह संख्या बढ़ने की उम्मीद है। यहां हिस्सा लेने के लिए ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन पंजीकरण किए जा रहे हैं। ऑनलाइन पंजीकरण https:// gmvnonline. com पर हो सकेगा। इस बार योग महोत्सव ग्रीन थीम पर कराया जा रहा है, इसलिए आयोजन स्थल और गंगा तट पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऋषिकेश सदियों से योग की भूमि रही है। देश-विदेश के योग साधक इसीलिए ऋषिकेश खिंचे चले आते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ अभियान में भी योग की अहम भूमिका है। इसलिए सरकार ऋषिकेश में योग गतिविधियों को लोकप्रिय बनाने का प्रयास कर रही है। अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।