मुनस्यारी के आसपास बर्फबारी, थल-डीडीहाट में बारिश
बलाती व कालामुनि में हुआ हिमपात, मुनस्यारी 2डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमानबलाती व कालामुनि में हुआ हिमपात, मुनस्यारी 2डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान :::::

पिथौरागढ़, हिन्दुस्तान टीम। जिले में लंबे समय बाद फिर उच्च हिमालयी क्षेत्रों के साथ ही बलाती और कालामुनि में ताजा हिमपात हुआ है। घाटी वाले क्षेत्रों में कई जगह हल्की बूंदाबांदी हुई है। इससे यहां एक बार फिर ठंड का असर महसूस होने लगा है। शनिवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। आधे दिन बाद डीडीहाट, थल के साथ ही जिले के कई स्थानों में हल्की बूंदाबांदी हुई। मुनस्यारी और उसके आसपास हल्की बारिश होने से लोगों को सूखे से राहत मिली। जिला मुख्यालय में भी कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। उच्च हिमालयी क्षेत्र पंचाचूली, राजरंभा, हसलिंग, खलिया, मिलम के साथ ही कई स्थानों पर बर्फबारी हुई है। मुनस्यारी से सटे बलाती और कालामुनि में भी बर्फबारी हुई है। मानसरोवर यात्रा पथ में लिपूलेख और उसके आसपास के क्षेत्र में ताजा हिमपात हुआ है। इससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मुनस्यारी में ऊंची चोटियों में हिमपात और घाटी वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश बूंदाबांदी के बाद ठंड का असर तेज हो गया है। मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री पहुंच गया है।
ठंडी हवाओं ने बढ़ाई दिक्कत
पूरे दिन जनपद में ठंडी हवाएं चलती रहीं। मुनस्यारी से लेकर जिला मुख्यालय तक में इन हवाओं के कारण लोग खासे परेशान रहे। कई जगह धूप भी नहीं निकल पाने से लोगों को ठंड से उपाय तलाशने पड़े।
नहीं मिली सूखे से राहत
जनपद में लंबे समय के बाद मौसम ने भले ही रंग बदला हो लेकिन किसान इस बारिश को अपर्याप्त बता रहे हैं। मामूली बारिश से कृषि को फायदा होने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में रबी की फसल को हुए नुकसान को झेल रहे किसान अब भी निराश हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।