बाजपुर मुडिया पिस्तौर में घरों को बचाने आगे आए लोग
बाजपुर। लोनिवि के मुंडिया तिराहे से सेंट मेरी स्कूल तक लगाये गये लाल निशान के बाद शुक्रवार को पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते मुडिया पिस्तौर के लोगों

बाजपुर, संवाददाता। लोनिवि के मुंडिया तिराहे से सेंट मेरी स्कूल तक लगाये गये लाल निशान के बाद शुक्रवार को पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते मुडिया पिस्तौर के लोगों को लेकर काशीपुर स्थित लोनिवि कार्यालय पहुंचे जहां पर उन्होंने अधिशासी अभियंता अरुण कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मार्ग को पूर्व की भांति रखने की मांग की। बीते दिन लोनिवि विभाग ने मुडिया पिस्तौर तिराहे से लेकर सेंट मेरी स्कूल तक अतिक्रमण को चिह्नित किया था और सड़क से दोनों और 20-20 फीट तक लाल निशान लगाए थे। इन निशान के बाद हड़कंप है इसी को लेकर शुक्रवार को पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते काशीपुर में लोनिवि के अधिशासी अभियंता अरूण कुमार से मुलाकात की। गुरजीत सिंह गित्ते ने कहा कि मुडिया पिस्तौर मार्ग पर घरेलू मकान और दुकान स्थित हैं। ऐसे में लोनिवि की इस कार्रवाई से लोगों के मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त होंगी और लोगों को काफी नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 1958 के नक्शे में ये मार्ग बाइपास के लिये भी दर्शाया नहीं गया है। उन्होंने अधिकारी को नक्शा भी दिखाया। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि अधिशासी अभियंता ने कहा है कि लोग नोटिस का जवाब दें फिर वह अपने अधिकारियों से वार्ता करेंगे और जो सही होगा वह किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिया है कि किसी को परेशान नहीं किया जाएगा। यहां पर निसार अहमद, सादक हुसैन, अब्दुल नवी, मुन्ने खां, हामिद खां, अतीक, वसीम, वाजिद अली आदि रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।