हल्द्वानी के सरस मेले में लगेंगे देशभर के उद्यमियों के 250 स्टाल
सरस मेला: - राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी रहेगी शहरवासियों के लिए आकर्षण का केन्द्र -

हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। जिलाधिकारी वंदना सिंह ने शनिवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 1 से 10 मार्च तक लगने वाले सरस मेले के तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए की मेले के आयोजन की सारी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। मेले में स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों को स्टाल मुहैया कराए जाएं। बताया गया कि हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 10 दिवसीय सरस आजीविका मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश के सभी राज्यों के स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी मुख्य आकर्षक का केंद्र रहेंगी। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरस मेले स्वयं सहायता समूहों को बेहतर बाजार मुहैया कराने के प्रयास किए जाएं। स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी के माध्यम से बजार मुहैया कराना प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य है। जिला विकास अधिकारी गोापाल गिरी गोस्वामी ने बताया कि सरस मेले में 250 स्टॉल लगाए जा रहे हैं। जिसमें 74 समूह देश के विभिन्न राज्यों से शामिल होंगे। 117 समूह उत्तराखंड के प्रतिभाग करेंगे। मेले में 69 व्यावसायिक स्टाल लगाए जाएंगे। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, एपीडी चंदा फर्त्याल सहित आदि उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी में मिले बेहतर सुविधा
जिलाधिकारी वंदना सिंह ने कहा कि यह प्रदर्शनी राष्ट्रीय स्तर की है। जिसमें पहुंचने वाले समूहों व उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। उन्होंने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरस मेले में बेहतर समूहों को बुलाया जाए। क्षेत्र में उचित पार्किंग, पेयजल, सफाई व्यवस्था की जाए। डीएम ने कृषि, उद्यान आदि विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिले में जो भी प्रगतिशील किसान, काश्तकार, उद्यमी हैं उनको मेले में भ्रमण कराया जाए। मेहमानों को स्थानीय संस्कृति की झलक मिलनी चाहिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।