अब हल्द्वानी में भी घर तक आएंगी ओला, उबर टैक्सी, बाइक
हल्द्वानी में अब ओला, उबर और रैपिडो जैसी टैक्सी और बाइक सेवाएं घर के गेट तक पहुंचेंगी। राज्य परिवहन प्राधिकरण ने इन ऐप्स को लाइसेंस जारी किया है। इससे लोगों को पैदल स्टॉप जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और...

हल्द्वानी। दिल्ली, नोएडा जैसे महानगरों की तर्ज पर अब हल्द्वानी में भी टैक्सी और बाइक लोगों को लेने के लिए घर के गेट तक पहुंचेंगी। ओला, उबर, रैपिडो ऐप को भी राज्य परिवहन प्राधिकरण देहरादून ने लाइसेंस जारी कर दिया है। हालांकि इसमें संचालित होने वाले वाहनों के लिए कमर्शियल लाइसेंस होना अनिवार्य है। हल्द्वानी शहर में भी अब लोगों को टैक्सी के लिए पैदल चलकर स्टॉप तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। महानगरों में चलने वाली ओला, उबर, रैपिडो जैसी टैक्सी, ऑटो, बाइक सर्विस अब हल्द्वानी में भी चलने लगेगी। इससे लोगों को अब वाहन के इंतजार में खड़ा नहीं रहना पड़ेगा। विशेषकर इन सेवाओं के शुरू होने से उन लोगों को अधिक फायदा होगा, जिनके रूट पर ऑटो आदि सेवा नहीं है।
दरअसल, हल्द्वानी के आसपास के क्षेत्रों में जाने के लिए लोगों को ऑटो बदलने पड़ते हैं। इसमें किराया भी अधिक देना पड़ता है। मगर अब ऑनलाइन ऐप के जरिए लोग सीधे अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बाइक या टैक्सी बुक कर सकेंगे। महानगरों में इन ऐप से ऑटो भी बुक होते हैं। हल्द्वानी में भी ऑटो सेवा के इसमें शामिल होने से लोगों को ईरिक्शा या ऑटो बदलने का झंझट खत्म होगा। सुरक्षित सफर के लिए परिवहन विभाग भी खुद इन सेवाओं की निगरानी कर रहा है।
कोट--
ओला, उबर, रैपिडो एप को उत्तराखंड में एग्रीगेटर का लाइसेंस राज्य परिवहन प्राधिकरण देहरादून से मिल गया है। इन सेवाओं में पीली नंबर प्लेट वाले कमर्शियल वाहन संचालित हो सकेंगे।
--संदीप सैनी, आरटीओ प्रशासन कुमाऊं संभाग
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।