Hindi NewsUttarakhand NewsDehradun NewsTraffic Chaos and Safety Concerns at Ballupur Chowk Demand for Toilets and Parking Solutions

देहरादून के इस चौक पर जाम से आफत, हादसों को न्योता

बल्लुपुर चौक पर जाम, अवैध पार्किंग, और शौचालय की कमी से स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों ने कई बार अधिकारियों से समस्याओं का समाधान मांगा, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं...

Newswrap हिन्दुस्तान, देहरादूनThu, 13 Feb 2025 10:00 PM
share Share
Follow Us on
देहरादून के इस चौक पर जाम से आफत, हादसों को न्योता

शहर का महत्वपूर्ण बल्लुपुर चौक पर लापरवाही का अड्डा बना है। यहां पर जेब्रा क्रॉसिंग ठीक नहीं होने की वजह से जाम से मुसीबत बनी है। विपरीत दिशा में लोगों को चलना पड़ रहा है। पार्किंग पर भी कब्जे हुए हैं। पर्याप्त पार्किंग नहीं है। यहां पर लगातार हादसों का खतरा बना है। उधर, शौचालय ना होने की समस्या बनी है। स्थानीय लोग एवं जनप्रतिनिधि लगातार अफसरों से ये समस्याएं उठा रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहे हैं। बल्लुपुर चौक के स्थानीय लोग एवं व्यापारी काफी लंबे समय से विभिन्न मांगों को लेकर मांग उठा रहे हैं। इनमें पार्किंग, जेब्रा क्रॉसिंग, शौचालय आदि प्रमुख हैं। वह इन मांगों को कई अफसरों एवं जनप्रतिनिधियों तक उठा चुके हैं, लेकिन निराशा हाथ ही हाथ लगी। व्यापारियों का कहना है कि चौराहे से लोगों की बहुत ज्यादा आवाजाही होती है। चंडीगढ़ की तरफ से शहर में आने वाले वाहनों को सबसे पहले यहां से गुजरना पड़ता है। सेलाकुई फैक्टरी में काम करने के लिए कर्मचारी अपनी गाड़ी खड़ी करके जाते हैं। भीड़भाड़ वाले इस चौराहे पर लोगों की सहूलियत के लिए शौचालय का होना बहुत जरूरी है। शौचालय को लेकर नगर निगम और डीएम से लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा से भी मुलाकात कर ज्ञापन दिया गया। नगर निगम से मंजूरी मिलने के बाद नेशनल हाईवे डोईवाला की ओर से इसमें आपत्ति जताई जा रही है। इससे शौचालय का काम शुरू नहीं हो पा रहा है। व्यापारी यहां पर समस्याओं के जाल में फंसते जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यहां सफाई व्यवस्था, अवैध विक्रम पार्किंग और शराब की दुकान नजदीक होने से यहां का माहौल ठीक नहीं है।

शिकायतें

1- व्यापारियों के लिए सुलभ शौचालय की कोई सुविधा नहीं है।

2- फ्लाईओवर के नीचे साफ-सफाई नहीं होती है।

3- व्यापारियों की पार्किंग की जगह पर विक्रम वाले खड़े रहते हैं।

4- पार्किंग में वाहन पार्क करने के लिए पैसे लिए जाते हैं।

5- शराब की दुकान होने से यहां का माहौल खराब रहता है।

सुझाव

1- खराब वाटर एटीएम को हटाकर शौचालय का निर्माण होना चाहिए।

2- यहां पर सड़क, नालियों की नियमित साफ-सफाई होनी चाहिए।

3- शराब की दुकानों को यहां से हटाकर कहीं और खोलनी चाहिए।

4- पार्किंग से विक्रम हटाना चाहिए और पार्किंग के पैसे नहीं लेने चाहिए।

5- यहां पर पुलिस अधिकारी 24 घंटे तैनात रहे और समय-समय पर गश्त भी करें।

शौचालय की है जरूरत

यहां एक मुख्य चौराहा है। यहां से छात्र, मजदूर और अन्य लोग आवाजाही करते है। यहां पर व्यापारियों की लगभग 1000 दुकानें हैं। इन्हीं दुकानों से लोगों का घर चलता है। दुकानों में आने वाले ग्राहक और अन्य लोगों के लिए शौचालय नहीं है। इससे लोगों को परेशानी होती है। इसके लिए यहां पर शौचालय का होना बहुत जरूरी है। इसको लेकर व्यापारियों ने कई बार प्रयास किए। अनुमति मिलने के बाद भी एनएच डोईवाला की ओर से इसमें आपत्ति जता कर निर्माण कार्य को रोका गया है। इससे यहां के व्यापारी परेशान हैं।

नहीं रहती पुलिस, हो रही चोरी

यह प्रमुख चौक होने के बाद भी रात नौ बजे के बाद यहां पर कोई पुलिस कर्मचारी नजर नहीं आता। चौराहे के पास ही प्राचीन शिव मंदिर है, जिसमें छह महीने में दो बार चोरी हो चुकी है। इसके बाद भी पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। रात के समय चौराहे पर कोई पुलिसकर्मी नहीं मिलता है। पहले यहां कैंट थाना की ओर से रात के समय पुलिसकर्मी रहते थे। लेकिन कुछ समय से यहां पर रात के समय कोई नहीं रहता।

शराब की दुकान से माहौल खराब

चौराहे पर दो शराब की दुकानें है। यहां पर कैंटीन भी है। यहां पर लोग खुले में भी शराब का सेवन करते हैं। शराब पीने के बाद शराबी यहां उत्पात मचाते हैं। विरोध जताने पर व्यापारियों के साथ गाली-गलौज और लड़ाई-झगड़ा किया जाता है। फ्लाईओवर के नीचे गंदगी होती है। आसपास का माहौल खराब होता है। कई दुकानों में महिलाएं भी रहती हैं। ऐसे हालात में उनके लिए भी दुकानों पर रहना मुश्किल हो जाता है।

पार्किंग को पार्किंग रहने दो

यहां पर फ्लाईऑवर के नीचे नगर निगम की ओर से व्यापारियों के लिए पार्किंग की जगह दी गई थी। इस पार्किंग का प्रयोग अवैध रूप से विक्रम स्टेंड के रूप में किया जा रहा है। इससे व्यापारियों को अपने वाहन खड़ी करने की जगह नहीं मिलती। नगर निगम के टेंडर में केवल दोपहिया और चोपहिया वाहनों को यहां पर गाड़ी खड़ी करने की बात कही है। इसके बाद भी यहां पर विक्रम वाले आकर खड़े हो जाते हैं। साथ ही पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने पर शुल्क लिया जाता है। इससे ग्राहक को दस रुपये के सामान को खरीदने के लिए 20 रुपये पार्किंग के लिए देने पड़ते हैं। इससे यहां पर लोग आने से बचते हैं। अवैध विक्रम स्टैंड के खिलाफ व्यापारियों ने कई बार शिकायत की इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

गलत दिशा में चलते हैं वाहन

व्यापारियों का कहना है कि बल्लुपुर चौक से महारानी बाग वाली सड़क होते हुए लोग आशीर्वाद एन्क्लेव और मोहित नगर के लिए गलत दिशा में चलते हैं। इसके साथ ही पेट्रोल पंप पर जाने के लिए भी लोग ऐसा ही करते हैं। इससे हादसे होने का खतरा बना रहता है और सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है। जाम इतना लंबा हो जाता है कि यहां से निकलना मुश्किल हो जाता है। इससे बचने के महारानी बाग वाली सड़क को वन वे बनया जाना चाहिए, जिससे लोग गलत दिशा में ना चल सकें।

लोगों से बातचीत

नालियों की साफ-सफाई नहीं होती है। सफाई कर्मचारी सड़क साफ करके कचरा नालियों में डालकर चले जाते है। नालियां जाम होने लगती है। बरसात के समय नालियों का पानी सड़क पर आ जाता है। -सुरजीत चड्ढा

रात में फ्लाईओवर के नीचे अंधेरा देखकर यहां से गुजरने वाले लोग खुले में शौच करते हैं। इससे यहां पर गंदगी होती है और यहां से गुजरने पर बदबू भी आती है। यहां से गुजरने में दिक्कत होती है। -कमल सेठी

पार्किंग की जगह पर विक्रम वाले अपने वाहन लेकर खड़े हो जाते हैं। व्यापारियों को पार्किंग की वो सुविधा नहीं मिल पाती जो उन्हें मिलनी चाहिए। व्यापारियों को अपने वाहन कहीं दूसरी जगर पार्क करने पड़ रहे हैं। - पवन अग्रवाल, व्यापारी

चौराहे दो शराब की दुकानें हैं। इससे चौराहे का माहौल बहुत खराब हो रखा है। यह माहौल महिलाओं और बच्चों के लिए अच्छा नहीं है लेकिन मजबूरन यहां से गुजरते वक्त यह सब झेलना पड़ता है। - अनंत

फ्लाईओवर के नीचे जो साफ-सफाई नहीं रहती है। जो पौधे लगे हैं उनके नीचे भी सफाई नहीं की जाती है। पौधे वहीं पर सड़ते रहते हैं। कचरा भी यहीं डालकर चले जाते हैं। - विराज

शौचालय न होने की वजह से दुकानदारों को दुकानें बंद करके घर जाना पड़ता है। इसमें बहुत समय जाया हो जाता है। दुकान बंद करके भी दुकानदार कितनी बार घर जाएगा और आएगा। परेशानी हो रही है। - राम गोपाल

दुकान में आने वाली महिला ग्राहक अगर शौचालय का पूछे तो या तो दुकानदार मना कर देते है या दुकानदारों को अपने घरों का सहारा लेना पड़ता है। इससे महिला और दुकानदार दोनों असहज महसुस करते हैं। - चमन लाल

यहां पर सिविर लाइन का कार्य भी आधे में छोड़ दिया गया। आखिर के तीन-चार घरों में सीवर लाइन नहीं डाली गई है। इससे यहां के लोगों को परेशानी होती है। शिकायत करें भी तो किसके पास करें कोई सुनने वाला नहीं है। - नितिन गुप्ता

शौचालय के लिए कई बार शिकायत की तब जाकर नगर निगम ने टेंडर पास किया। इसके बाद एनएच डोईवाला ने यहां पर शौचालय के निर्माण पर आपत्ति जताई है। इससे यहां पर शौचालय का निर्माण नहीं हो पा रहा है। - राजेश कुमार

पार्किंग में वाहन खड़े करने के पैसे लगते हैं। ग्राहक को यहां पर दस रुपये के सामान के लिए बीस रुपये पार्किंग के देने पड़ते हैं। ग्राहक यहां पर रुकते नहीं और आगे की दुकानों से खरीदारी करते हैं। यहां पर पार्किंग निशुल्क होनी चाहिए। -अजय कुमार गुप्ता

विक्रम चालकों ने पार्किंग को विक्रम स्टैंड बना दिया है। रोज सुबह आकर गाड़ी पार्क करने की जगह विक्रम लगा देते हैं और यहीं से सवारियां भी बैठाते हैं। व्यापारियों को अपनी गाड़ी पार्क करने की जगह नहीं मिलती।- गौरव

यहां पर रात के समय पुलिस नहीं रहती है। इससे यहां पर चोरी के मामले बहुत बढ़ रहे हैं। चौराहे के पास ही के प्राचीन शिव मंदिर में छह महीने में दो बार चोरी हो चुकी है। अन्य दुकानों में भी चोरी का डर रहता है। - राजेश कुमार

रात के समय पुलिस के न होने से लोग अपनी मनमानी करते हैं। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हैं। शराब पीकर लोग यहां पर लड़ाई-झगड़ा करते हैं। इससे रात में यहां का माहौल असुरक्षित हो जाता है। -आशीष धीमान

एनएच की आपत्ति में फंसा शौचालय, शराबियों ने किया जीना मुहाल

पार्षद अंकित अग्रवाल ने बताया कि इस एक मुख्य चौराहा है। यहां से कर्मचारी, कॉलेज के बच्चे बहुत आवाजाही करते हैं। यहां दुकानों पर महिलाएं रहती हैं। इसके बाद भी यहां पर शौचालय का निर्माण नहीं हो पा रहा है। व्यापारियों की ओर से नगर निगम और डीएम से मुलाकात कर ज्ञापन भी दिया गया। नगर निगम की ओर से टेंडर की अनुमति मिल चुकी है इसके बाद भी एनएच डोईवाला ने इस पर आपत्ति जताकर इस कार्य को रोक दिया। जाम, पार्किंग की समस्या बनी है।

व्यापारी मुकुल शर्मा बताते हैं कि यहां पर पार्किंग की बहुत समस्या है। फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग की जगह को विक्रम चालकों ने विक्रम स्टैंड बना दिया है। व्यापारियों को और दुकानों पर आने वाले ग्राहकों को पार्किंग की जगह नहीं मिलती है। नगर निगम के टेंडर में साफ तौर लिखा है कि यहां पर केवल दोपहिया और चौपहिया वाहन ही खड़े हो सकते हैं। इसके बाद भी यहां पर विक्रम वाले खड़े रहते हैं। इससे व्यापारियों को परेशानी होती है।

व्यापारी अनिका गुप्ता बताती हैं कि यहां पर दो शराब की दुकानें हैं। लोग शराब लेकर फ्लाईओवर के नीचे खुले में पीने लगते हैं और यहीं पर शौच करने लगते हैं। कई बार मना करने पर लड़ाई-झगड़ा करने लगते हैं। कई बार तो विक्रम वाले भी यहां पर नशे की हालत में रहते हैं। उन्होंने बताया कि इससे यहां का माहौल बच्चों और महिलाओं के लिए बहुत खराब हो गया है। हमेशा छेड़खानी होने का डर बना रहता है। इसी वजह से अपने बच्चों को भी यहां पर नहीं लाते है।

व्यापारी योगेश गुप्ता बताते हैं कि मुख्य चौराहे पर रात नौ बजे के बाद पुलिस नहीं रहती है। रात के समय पुलिस के न होने से यहां पर चोरी के मामले बढ़ रहे हैं। चौराहे पर बने प्राचीन शिव मंदिर में छह महीने में तीन बार चोरी हो चुकी है। इसके साथ ही अन्य दुकानों में भी चोरी की शिकायत आई है। इसके चलते यहां पर रात के समय पुलिस का होना बहुत जरूरी है। आए दिन चोरी के मामले नहीं होंगे।

बल्लुपुर चौक पर ट्रैफिक की समस्या का समाधान करवाया जाएगा। यहां महारानी बाग वाली सड़क को वन-वे करने के लिए स्थानीय लोगों से बातचीत की जाएगी। गलत दिशा में चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई बढ़ाई जाएगी। चौक पर पुलिस की नियमित तैनाती की जाएगी।

-मुकेश ठाकुर, एसपी ट्रैफिक

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें