पर्यटन निगमों के कर्मचारियों के नियमितीकरण को तेज होगा अभियान
संयुक्त कर्मचारी महासंघ कुमाऊं गढ़वाल मंडल विकास निगम हर जिले में संगठन को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसके तहत जिला स्तर पर कार्यकारिणी का गठन किया जा रहा है। महासंघ अध्यक्ष ने कहा कि...

संयुक्त कर्मचारी महासंघ कुमाऊं गढ़वाल मंडल विकास निगम हर जिले में संगठन को करेगा मजबूत जिला स्तर पर कार्यकारिणी का होगा गठन, बड़ी मुहिम शुरू करने से पहले राज्य स्तर पर तैयारी तेज
देहरादून, मुख्य संवाददाता।
पर्यटन निगमों के संविदा, दैनिक वेतन, आउटसोर्स कर्मचारियों के नियमितीकरण को प्रदेश स्तर पर अभियान शुरू होगा। उससे पहले संयुक्त कर्मचारी महासंघ कुमाऊं गढ़वाल मंडल विकास निगम हर जिले में संगठन को मजबूत करने में जुट गया है। इसके लिए जिला स्तर पर कार्यकारिणी का गठन किया जा रहा है।
महासंघ अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी ने कहा कि कुमाऊं मंडल में हर जिले में कार्यकारिणी गठित कर दी गई है। अब चमोली से गढ़वाल मंडल में कार्यकारिणी का गठन शुरू किया जा रहा है। कहा कि पर्यटन निगमों में दशकों से संविदा कर्मचारी नियमितीकरण की बाट जोह रहे हैं। न इन कर्मचारियों को नियमित किया जा रहा है। न ही इन्हें समान काम का समान वेतन दिया जा रहा है। इसे लेकर कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। जबकि हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक साफ कर चुके हैं कि समान प्रवृत्ति का काम करने वाले कर्मचारियों को सभी सुविधाएं समान उपलब्ध कराई जाएं।
कहा कि इन आदेशों के बावजूद शासन स्तर से कर्मचारियों के नियमितीकरण और समान काम का समान वेतन देने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। न ही पर्यटन निगमों का एकीकरण कर कर्मचारियों को पर्यटन विकास परिषद में मर्ज किया जा रहा है। कहा कि पूरे राज्य में पर्यटन से जुड़ी संस्थाओं, एजेंसियों को एक छत के नीचे लाना चाहिए। ताकि पूरे देश, विदेश में उत्तराखंड पर्यटन एक नाम से जाना जाए। कहा कि यदि जल्द कर्मचारियों को नियमित नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।