बोले देहरादून : श्रीदेव सुमन नगर में सड़क पर बह रहा सीवर सबसे बड़ा संकट
देहरादून के श्रीदेव सुमन नगर में लोग पिछले एक साल से पीने के पानी की गंभीर समस्या का सामना कर रहे हैं। पानी की कमी और सीवर का गंदा पानी पीने के पानी में मिल रहा है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से ठोस...
नगर निगम के वार्ड-35 श्रीदेव सुमन नगर के लोग पीने के पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। लोगों की शिकायत है कि क्षेत्र में वैसे ही पानी की सप्लाई कम होती है। इसके विपरीत कुछ मोहल्लों में पानी चाैबीस घंटे आता है। क्षेत्र में एक नाला है, जो जाम हो गया था, जनप्रतिनिधि द्वारा इस नाले को सीवर लाइन से जुड़वाया गया। अब नाला ओवरफ्लो होने से सड़क पर बह रहा है। पानी के साथ ही अंडरग्राउंड लाइन टूटने से सीवर का पानी पेयजल लाइन से घरों के नलों में आ रहा है। लोग क्षेत्र में गंदे पानी की आपूर्ति से परेशान हो चुके हैं। दीपिका गौड़ की रिपोर्ट...
देहरादून के वार्ड 35 स्थित श्रीदेव सुमन नगर के स्थानीय लोग पिछले एक वर्ष से अधिक समय से पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। क्षेत्र में पानी की आपूर्ति न तो नियमित है और न ही पर्याप्त दबाव के साथ होती है। कम प्रेशर से आने वाला पानी न तो घरेलू कामों के लिए पर्याप्त होता है और न ही पीने के योग्य। आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ के ‘बोले देहरादून’ अभियान के तहत स्थानीय लोगों से बातचीत की, तो उन्होंने बताया कि उन्हें पानी की पूर्ति के लिए मजबूरी में प्राइवेट टैंकर मंगवाने पड़ते हैं। जब टैंकर आता है तो सभी लोग बाल्टियां लेकर खड़े हो जाते हैं और पानी भरने की होड़ मच जाती है। समस्या यहीं खत्म नहीं होती पानी का रंग पीला होता है और उसमें से दुर्गंध आती है, जिससे लोग उसे पीने से कतराते हैं। इसके अलावा क्षेत्र में एक पुराना नाला बहता है। जिसकी वर्षों से सफाई नहीं हुई है। इसके कारण क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैली हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। लोग मजबूरी में इस वातावरण में रहने को विवश हैं।स्थानीय निवासियों ने यह भी आशंका जताई कि जवाहर कॉलोनी और चोरखाले इलाके में कुछ अवैध मस्जिदें और मदरसे संचालित हो रहे हैं। उनका कहना है कि इन पर प्रशासन को उचित जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए। समस्या की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रवासियों की मांग है कि नगर निगम और जल संस्थान इस ओर तुरंत ध्यान दें, नियमित और स्वच्छ जल आपूर्ति सुनिश्चित करें।
लोगों को पीने के पानी के लिए टैंकर मंगाने पड़ रहे हैं, नहीं हो रही सुनवाई
लोगों ने बताया कि क्षेत्र में पानी की भारी समस्या हो रही है। क्षेत्र में पानी बहुत कम आता है। इससे घरों में पानी की पूर्ति भी पूरी नहीं हो पाती है। कभी कभी तो श्रीदेव सुमन नगर में पीने के पानी में सीवर का गंदा पानी भी मिल कर आता है। लोगो को पानी का टैंकर मंगाना पड़ता है। इसके लिए कई बार लोगो ने जल संस्थान में शिकायत की लेकिन हल अभी तक नहीं निकाला गया। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है। कुछ लोग नाले के जाल को खोलकर उसमें कूड़ा डालते है। जिससे नाला जाम हो गया है और ओवरफ्लो करने लगा है। लोगो का कहना है कि साथ ही सफाई कर्मचारी भी सड़क का कचरा भी नालियों और आगे नाले में डाल देते है। इससे क्षेत्र में गंदगी बनी रहती है। नाले में कचरा जमा होने से बरसात का पानी सड़कों पर बहता रहता है। बरसात के समय तो समस्या बहुत ज्यादा बढ़ जाती है और हर जगह जलभराव होता है। लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
पुलिस समय-समय पर गश्त कर सत्यापन करे
स्थानीय लोगों ने इलाके में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि खासकर रात के समय बाहर निकलना सुरक्षित नहीं रह गया है। लोगों ने मांग की है कि पुलिस यहां नियमित रूप से गश्त करे ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके और अपराधियों पर लगाम लगाई जा सके। साथ ही, निवासियों ने सुझाव दिया कि इलाके में रहने वाले सभी लोगों का समय-समय पर सत्यापन किया जाए। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि कोई बाहरी या आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति यहां आकर न रह रहा हो। पुलिस की सक्रियता से लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। नागरिकों ने प्रशासन से अपील की है कि वे इस दिशा में ठोस कदम उठाएं ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
खुले में बह रहा है सीवर का पानी
लोगों का कहना है कि यह पर नाला था। जिसे अब ढक दिया गया है। नाले का पानी सीवर में जोड़ दिया है। इसके बाद से सीवर लीक करने लग गया है। अब नाला और सीवर का पानी दोनो साथ में सड़को पर बह रहा है। इससे रास्ते में हर समय बहुत गंदगी रहती है और बदबू आती है। नाले और सीवर की नियमित सफाई की जानी चाहिए ताकि यहां पर गंदगी न हो और लोगों को आवाजाही करने में सहूलियत हो। गंदगी नहीं होगी तो बीमारियों का खतरा भी कम होगा।
‘समस्या हल करने का प्रयास किया जा रहा है’
दो दिन पहले बारिश से वार्ड में थोड़ी बहुत गंदगी हुई, जिसकी सफाई करवाई गई। ट्यूबवेल के लिए जमीन मिलने पर पेयजल संकट भी दूर होगा। नाले की गंभीर समस्या को देखते हुए। मेयर और अधिकारियों संग भ्रमण किया गया। निगम नाला से पास हो चुका है। टेंडर लगते हैं तो कार्य शुरू होगा। क्षेत्रीय समस्याओं का हमारे स्तर से हमेशा हल कराने का प्रयास किया जाता है। संगीता गुप्ता, पार्षद वार्ड 35
अगर कुछ लाइनों में दिक्कत होगी तो उसे दिखवाया जाएगा
श्री देव सुमन नगर वार्ड में सीवर की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि कोई दिक्कत है तो समस्या का समाधान होगा। जहां तक पानी की समस्या की बात है तो इस इलाके में गोविंदगढ़, विजय पार्क और श्री देव सुमन वार्ड में ही कई ट्यूबवेल हैं। जिनके डिस्चार्ज में भी अभी कोई कमी नहीं आई है। पानी की समस्या क्यों है इसे देखा जाएगा। इन इलाकों में भूमिगत जलस्तर में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। हो सकता है कहीं कुछ लाइनों में दिक्कत हो, उसे दिखाया जा रहा है। -संजय सिंह, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान-उत्तर डिविजन देहरादून
सुझाव
1. क्षेत्र में पानी की आपूर्ति होने के साथ जगह चिन्हित करके ट्यूबवेल का निर्माण किया जाए।
2. श्रीदेव सुमन नगर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के साथ सड़क किनारे इक्कठा कचरा समय पर उठे।
3. समय-समय पर नाले और सीवर की सफाई होनी चाहिए। सीवर चोक होने से परेशानी बढ़ रही है।
4. क्षेत्र में पुलिस द्वारा सत्यापन अभियान चलाया जाना चाहिए।
5. संबंधित विभाग शिकायतों का संज्ञान लेकर समाधान करें।
शिकायत
1. श्रीदेव सुमन नगर में लोग नाले के जाल को खोलकर कूड़ा डालते हैं। जिससे नाला जाम हो गया है।
2. नाले-सीवरेज का पानी एक साथ मिलकर सड़क पर बह रहा है।
3. अंडर ग्राउंड लाइन टूटने के कारण पीने के पानी में सीवरेज का गंदा पानी भी मिक्स होकर आता है।
4. बरसात में श्रीदेव सुमन नगर का नाला चोक होने के कारण घरों तक जलभराव की समस्या होती है।
5. मलिन बस्तियों में हमेशा पानी आता है। कॉलोनी के लोग पेयजल की किल्लत झेल रहे हैं।
बोले लोग-
श्रीदेव सुमन नगर में पानी की बहुत समस्या हो रही है। यहां कई बार पानी नहीं आता, जब आता है तो सीवर मिक्स होकर आता है। इतने दूषित पानी को भला कौन पीयेगा, इसका समाधान होना चाहिए। -राखी
श्रीदेव सुमन नगर में पानी और नाले बहने की गंभीर समस्या हो गई है। कुछ वर्षों से नाले की सफाई भी नहीं की गई। इस साल भी नाले की सफाई नहीं होने से गंदगी और भी बढ़ गई है। -प्रेमा महेशी
यहां के सभी लोग पानी की समस्या से परेशान हो चुके हैं। कई बार तो यहां एक बूंद भी पानी नहीं आता है। शासन-प्रशासन से निवेदन है कि इस क्षेत्र की समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए। -राखी यादव
श्रीदेव सुमन नगर क्षेत्र में साल भर से ज्यादा हो गया है। जो हम लोगो को पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है। लोग टैंकर मंगा कर पानी की समस्या झेल रहे हैं। हमारी कोई नहीं सुन रहा। -विनोद सिंह चौहान
यहां नाले की गंदगी से सभी लोग परेशान हैं और सफाई की मांग कर रहे हैं। लेकिन न नाले की सफाई की जा रही है और न ही सुभाषनगर क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त पीने का मिल रहा है। -सुनील कुमार
यहां बरसात में जलभराव की बहुत बड़ी समस्या है। बरसात में नाले का पानी ओवरफ्लो होने के कारण पूरा पानी घरों के अंदर तक घुस जाता है। ड्रेनेज सिस्टम भी गंदगी से जाम हो गए हैं। -विकास बेनवाल
श्रीदेव सुमन नगर, दीपलोक और आकाशदीप कॉलोनी पर्याप्त पानी नहीं आता। रमाड़ा होटल, महेंद्र विहार और जवाहर कॉलोनी में पानी की नियमित सप्लाई की जाती है। -राजीव गुप्ता
क्षेत्र में पानी कब आता है और जाता है, पता नहीं है। पानी आने का एक निश्चित समय होना चाहिए। कम प्रेशर की वजह से पानी पूरा नहीं हो पाता है। हम लोग टैंकर भी कितने दिनों तक मंगाएंगे। -अमित कुकरेती
यहां बहुत से पुराने घर हैं। पुराने घरों में पानी के टैंक नहीं हैं। वैसे ही पानी कम आता है। कभी तो आता भी नहीं है। ऐसे में लोग समस्याओं का सामन करने को विवश हैं। -विनय कुमार जैन
क्षेत्र मे आसामजिक तत्वों से भी खतरा होने का डर सताता है। यहां असमाजिक गतिविधियां बहुत बढ़ रही है। पुलिस को क्षेत्र में गश्त करनी चाहिए। -मनोज शर्मा
सड़क किनारे लोगों की गाड़ी खड़ी होती हैं। जिस कारण खुद हम लोगो को भी गाड़ी निकालने के लिए जगह नहीं मिल पाती है। आवाजाही करने में परेशानी होती है। -बलवीर सिंह
श्रीदेव सुमन नगर में सीवर का लीक होकर सड़क पर बह रह है। इससे को आवाजाही में परेशानी होती है। बरसात में समस्या ज्यादा बढ़ जाती है। -दिनेश वालिया
श्रीदेव सुमन नगर में शायद पीने के पानी की लाइन टूटने से सीवर पेयजल आपूर्ति के साथ लोगों के घरों में आ रहा है। इसका समाधान किया जाना चाहिए। -मुकेश यादव
क्षेत्र में समस्या ऐसी हो गई है कि लोगों का मकान बनता है तो लोग अपने मकान का मलबा भी नालों में डाल देते है। ऐसे में गंदगी और भी ज्यादा बढ़ रही है। -मोहन लाल
क्षेत्र में पीने का पानी गंदा आ रहा है। ऐसा पानी भी कोई पी नहीं सकता है। जैसे तैसे हम गुजारा कर रहे हैं। पानी की समस्या गर्मियों में तो नहीं होनी चाहिए थी। -सुमित
क्षेत्र में सफाई व्यवस्था भी ठीक नहीं है। सीवेज लीक होने से कूड़ा करकट सब यहां जमा हो रहा है। नगर निगम को इस ओर ध्यान देना चाहिए। -पवन
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।