Happy New Year 2025: बर्फबारी के बीच जमकर मनाया जश्न, मसूरी-नैनीताल, चकराता में उमड़े पर्यटक
- नए साल के जश्न के लिए दून के आसपास सहस्रधारा और मालदेवता के होटल और रेस्टोरेंट एडवांस में बुक थे। मसूरी में भी खूब भीड़ रही।

Happy New Year 2025: वर्ष 2024 की विदाई और 2025 का स्वागत नये उत्साह और उल्लास से साथ हुआ। पहाड़ों की रानी मसूरी, नैनीताल, हल्द्वानी, चकराता,और देहरादून के होटल-रेस्टोरेंट इस दौरान पैक रहे। पर्यटकों ने देर रात तक जश्न मनाया। रात 12 बजे जैसे ही नए साल की शुरुआत हुई, पर्यटकों का उत्साह बढ़ गया। सिंगिंग और डांसिंग के साथ सबने नए साल का स्वागत किया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी हुई।
sdहोटल-रेस्टोरेंट में नए साल के आयोजन के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। कपल्स के लिए छूट के पैकेज भी रखे गए। पर्यटकों ने इस दौरान जमकर नृत्य किया। इधर, मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के अनुसार, इस बार मौसम सुहाना है और अच्छी धूप निकल रही है। बर्फबारी न होने से पर्यटकों की संख्या कुछ कम है।
उत्तराखंड की बर्फ से ढकी वादियां पर्यटकों से गुलजार
थर्टी फर्स्ट का जश्न मनाने के लिए मंगलवार को उत्तराखंड की बर्फ से ढकी वादियां गुलजार रहीं। बर्फ से ढके पर्यटन स्थल चोपता, औली, हर्षिल, सांकरी में बड़ी संख्या में पर्यटक उमड़े हैं।रुद्रप्रयाग जिले में स्थित चोपता और दुगलविट्टा में मंगलवार को बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। देर रात तक पर्यटकों ने थर्टी फर्स्ट मनाया।
चोपता में अधिकांश होटल फुल हैं। पर्यटकों ने टैंट कॉलोनियों में आसरा लिया हुआ है। उत्तरकाशी के हर्षिल, सांकरी, जखोल एवं केदारकांठा ट्रैक भी पर्यटकों से गुलजार है। होटल व्यवसायियों की ओर से पर्यटकों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
सांकरी में मंगलवार की शाम तक 3500 पर्यटक जश्न मनाने पहुंच गए थे। चमोली स्थित पर्यटन स्थल औली बर्फ से ढका है। यहां लगभग तीन हजार पर्यटक पहुंचे हुए हैं। औली में इतनी संख्या में लोगों के रहने की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में जोशीमठ के होटलों में भी भीड़ है। दूसरी ओर, मंगलवार को दिनभर औली चेयर लिफ्ट में पर्यटकों का तांता लगा रहा। यहां भीड़ के चलते दोपहर तीन बजे बाद चेयर लिफ्ट की टिकट बुकिंग बंद कर दी गई।
पर्यटकों को भाया मसूरी का मौसम
मसूरी। नववर्ष का जश्न मनाने कनाडा से मसूरी आये पर्यटक रोहित कुमार ने कहा कि यहां का मौसम बहुत सुहाना है, धूप खिली होने से ठंड भी कम है। कनाडा में ऐसा मौसम नहीं है। मेरठ के समीर सिंह ने कहा कि मसूरी का मौसम अच्छा है। वे इसका आनंद ले रहे हैं। दिल्ली की नेहा ने कहा कि वे बच्चों को लेकर पहुंचीं, उन्होंने खूब जश्न मनाया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।