बागेश्वर में लगी चौपाल में समस्याओं की भरमार
नगर पालिका ने पहली बार चौपाल का आयोजन किया, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बिजली, पानी और रास्तों की समस्याएं साझा की। नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने समस्याओं को सुनकर उन्हें दूर करने का भरोसा दिया।...
नगर पालिका ने पहली बार चौपाल का आयोजन किया। शनिवार को कार्यक्रम को लेकर लोगों ने खासा उत्साह दिखाई दिया। क्षेत्र के लोग बिजली, पानी, रास्ते की समस्याएं लेकर पहुंचे। नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने लोगों को समस्याएं दूर करने का भरोसा दिलाया। पालिका स्तर की समस्याएं खुद दूर करेंगे और बड़ी समस्याओं के लिए जिला स्तर पर चर्चा होगी। मालूम हो कि सुरेश खेतवाल ने अपने घोषणा पत्र में कहा था कि यदि वह जीतेंगे तो लोगों की समस्या सुनने के लिए उनके पास खुद जाएंगे। लोगों को पालिका तक आने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। इसी क्रम में उन्होंने शनिवार को मंडलसेरा दक्षिणी वार्ड में चौपाल लगाई। इस दौरान खासी भीड़ रही। पूर्व सैनिक बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण वे लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचे। लोगों ने बिजली, पानी, सड़क, जलभराव, पुल निर्माण, सड़े-गले पोलों को दूर करने जैसी मूलभूत समस्याएं बताईं। अधिकतर लोगों ने कहा कि उनके वार्ड में पानी की सबसे अधिक दिक्कत रहती है। अब गर्मी आने वाली है। इससे पहले उनके लिए बन रही पेयजल योजना शुरू करने की मांग की। अध्यक्ष खेतवाल ने सभी की समस्याओं को सुना और उन्हें दूर करने को कहा। खेतवाल ने इस दौरान जल संस्थान और ऊर्जा निगम के अधिकारियों से भी बात की। बरसात से पहले जलभराव की दिक्कत दूर करने का भरोसा दिलाया। खेतवाल ने दोबारा अध्यक्ष बनाने पर वार्ड के लोगों का आभार जताया। कहा कि हर वार्ड में चौपाल लगेगी। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण, सभासद रूपा देवी, प्रेम सिंह हरड़िया, नगर पालिका के ईओ मो. यामीन समेत अंकित नगरकोटी, नैन सिंह, नीमा धपोला आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।