108 एंबुलेंस के 26 कर्मचारी एक दिवसीय धरने में शामिल होने देहरादून रवाना

दो सूत्रीय मांग को लेकर जिले के 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े 26 कर्मचारी देहरादून रवाना हो गए हैं। बुधवार को वे सचिवालय कूच कार्यक्रम में भाग लेंगे। कर्मचारियों के देहरादून जाने से यहां की सेवाएं पूरी...

हिन्दुस्तान टीम बागेश्वरTue, 23 April 2019 01:05 PM
share Share

दो सूत्रीय मांग को लेकर जिले के 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े 26 कर्मचारी देहरादून रवाना हो गए हैं। बुधवार को वे सचिवालय कूच कार्यक्रम में भाग लेंगे। कर्मचारियों के देहरादून जाने से यहां की सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं। लोगों को अपने खर्चे से वाहनों की व्यवस्था करनी पड़ रही है। जिससे लोगों के जेबों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है।

मंगलवार को जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी के नेतृत्व में 108 कर्मचारी जिला अस्पताल के पास एकत्रित हुए। यहां उन्होंने शासन और कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अभी तक 11 साल की सेवा 108 एंबुलेंस के जरिये दे दी है। अब सरकार दोहरी नीति चलाकर दूसरी कंपनी को ठेका दे रही है। इसमें उनकी अनदेखी हो रही है। उन्होंने पूर्व में जान पर खेलकर कई लोगों की जिंदगी बचाई है। इसके बाद भी उनकी अनसुनी हो रही है। स्वास्थ सेवाओं के नाम पर सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। रात-दिन की ड्यूटी के बाद भी उनका शोषण किया जा रहा है। पूर्व की कंपनी से हुए समझौते के अनुसार उन्हें 15 हजार रुपये का प्रतिमाह मानदेय मिलता था। नई कंपनी द्वारा उन्हें नियुक्ति के नाम पर आधा वेतन पर काम करने की बात कर रही है। जो सरासर अन्याय है। इतना ही नहीं उन्हें दो महीने से मानदेय भी नहीं मिल रहा है। अब उनका घर चलाना तक मुश्किल हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांग नहीं मानेगी तो आंदोलन किया जाएगा। यहां पंकज कार्की, रोहित, सूरज सिंह, पूरन चंद्र पांडे, ललित प्रसाद, विनोद चंद्र, कविंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। इधर, कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अब जिले के किसी भी क्षेत्र में आपात सेवा का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें