Hindi NewsUttarakhand NewsAlmora NewsHeavy Rainfall in District Brings Relief and Challenges

अल्मोड़ा में लगातार बारिश ने बड़ी राहत के साथ दी आफत

जिले में गुरुवार से शुक्रवार तक लगातार बारिश हुई, जिसने जल स्रोतों को रिचार्ज किया और किसानों के चेहरे पर खुशी लाई। हालांकि, बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।...

Newswrap हिन्दुस्तान, अल्मोड़ाFri, 28 Feb 2025 11:36 PM
share Share
Follow Us on
अल्मोड़ा में लगातार बारिश ने बड़ी राहत के साथ दी आफत

जिले भर में गुरुवार से लेकर शुक्रवार शाम तक लगातार हुई बारिश ने राहत के साथ लोगों के लिए परेशानियां खड़ी कर दीं। तीन माह बाद हुई बारिश ने जल स्रोत रिचार्ज करने के साथ फसलों में नई जान डाल दी है। फायर सीजन में वनाग्नि से जंगलों के जलने का खतरा फिलहाल टल गया है। वापस लौटी काड़के की ठंड ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। नगर सहित लगभग सभी ब्लॉकों में बीते 30 घंटे तक लगातार बारिश का सिलसिला जारी रहा। गुरुवार दोपहर से शुरू हुई बारिश शुक्रवार दिन भर रही। इससे फसल बचाने के लिए बारिश के इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे खिल उठे। साथ ही पानी की किल्लत वाले क्षेत्रों के लोगों ने राहत की सांस ली है। इसके अलावा फॉयर सीजन में वनाग्नि से जूझ रहे वन विभाग को भी बड़ी राहत मिली है। वहीं बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शुक्रवार को लोग दिनभर घरों में ही दुबके रहे। ऊपर से ठंड ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। हर घर में आग, ब्लोअर और हीटर जले हुए दिखे। बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, तापमान अधिकतम तापमान 11 तो न्यूनतम तीन डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

यहां हुई इतनी बारिश

आपदा कंट्रोल के मुताबिक शुक्रवार सुबह आठ बजे तक अल्मोड़ा में 47.8 एमएम, रानीखेत में 47.2, द्वाराहाट में 44.5, चौखुटिया में 25.0, सोमेश्वर में 28.0, भिकियासैंण में 46.0, ताकुला में 43.5, सल्ट में 35.5, भैसियाछाना में 46.0, मासी में 38.5 और शीतलाखेत में 48.0 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। हालांकि अब तक कहीं से भी बर्फबारी की सूचना नहीं है।

बारिश से जौरासी सड़क में जलभराव

चौखुटिया। लगातार बारिश से चौखुटिया में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। वहीं, चौखुटिया-जौरासी मोटर मार्ग में जल भराव के चलते राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गई है। बारिश गेहूं की फसल के लिए उपयोगी बताई जा रही है। साथ ही पानी की समस्या के दूर होगी। इसके अलावा सिंचाई गूल भी अब रीचार्ज हो सकेंगी।

दन्या में सब्जियों के लिए बारिश बनी वरदान

दन्या। लगातार बारिश से एक तरफ ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। वहीं बारिश सब्जियों के लिए वरदान साबित बताई जा रही है। बारिश से तमाम पानी के स्रोतों के रिचार्ज होने पर लोगों को राहत मिली है। काश्तकारों के मुताबिक फलदार पौधों में इस बारिश से फल टिकाऊ ओर स्वादिष्ट होंगे।

स्याल्दे में विनोद नदी ऊफान पर आई

स्याल्दे। लगातार बारिश से स्याल्दे में बहने वाली विनोद नदी ऊफान पर आ गई है। वहीं धारे और नौले रीचार्ज हो गए हैं। बीते दिनों बिनोद नदी का जलस्तर काफी घट गया था। इससे पानी की समस्या गहराने का अंदाजा लगाया जा रहा था। लेकिन बारिश ने इस समस्या से काफी हद तक राहत दी है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें