यूपी से पढ़ने गया था इंग्लैंड फिर डंकी रूट से पहुंचा अमेरिका, अब ट्रंप सरकार ने भारत वापस भेजा
अमेरिका से अवैध प्रवासी भारतीय के रूप में यूपी के पीलीभीत के युवक की भी वापसी हुई है। पूरी जमा पूंजी लगाकर विदेश गए युवक को अवैध प्रवासियों के खिलाफ चलाए जा रहे ट्रंप सरकार के निर्णय के बाद भारत वापस भेजा गया है। युवक यहां से इंग्लैंड पढ़ने गया और अमेरिका में दाखिल हुआ था।

अमेरिका से अवैध प्रवासी भारतीय के रूप में यूपी के पीलीभीत के युवक की भी वापसी हुई है। पूरी जमा पूंजी लगाकर विदेश गए युवक को अवैध प्रवासियों के खिलाफ चलाए जा रहे ट्रंप सरकार के निर्णय के बाद भारत वापस भेजा गया है। युवक यहां से इंग्लैंड पढ़ाई करने गया था। वहां से डंकी रूट यानी अवैध रास्ते से अमेरिका में दाखिल हुआ था। अब मामले में पुलिस ने पूरनपुर क्षेत्र के रहने वाले युवक के गांव पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई। सभी सूचनाओं को विदेश मंत्रालय भेजा जाएगा।
23 वर्षीय गुरप्रीत सिंह के पिता गुरमीत सिंह पूरनपुर क्षेत्र के दुधिया खुर्द के बंजरिया गांव में डेयरी का काम करते हैं। उनके दो बेटों में गुरप्रीत सिंह इंटर करने के बाद जमा पूंजी लगाकर सितंबर 2022 में इंग्लैंड पढ़ने गया था। पूरनपुर से ही उसका वीजा बना था। इंग्लैंड में रहकर पढ़ाई के बाद काम के सिलसिले में वह डंकी रूट के जरिए अमेरिका पहुंच गया था।
पिछले महीने अमेरिका में सरकार बदली और ट्रंप ने आते ही अवैध प्रवासियों को खदेड़ना शुरू कर दिया। अवैध प्रवासियों के खिलाफ कई नियम बनाए गए। गुरप्रीत को अवैध प्रवासी भारतीय होने के नाते पहले गिरफ्तार किया गया फिर अब भारत लौटा दिया गया। बुधवार को अमेरिका से अवैध प्रवासियों को लेकर विमान अमृतसर पहुंचने पर यहां पीलीभीत पुलिस को जानकारी दी गई।
पंजाब का युवक बना था अमेरिका पहुंचने का जरिया
पिछले माह 14 जनवरी को आखिरी बार गुरप्रीत की अपनी मां जसविंदर कौर से बात हुई थी। इसके बाद अब वह भारत आ गया है। उसे यहां पीलीभीत लाया जाएगा। परिजनों ने बताया कि जमा पूंजी लगाकर गुरप्रीत को आगे पढ़ने के लिए भेजा था। एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि गुरप्रीत के अमेरिका से आने की सूचना मिली है। पूरनपुर पुलिस और स्थानीय अभिसूचना ईकाई को जांच में लगाया गया है। परिजनों से बात कर गुरप्रीत को पीलीभीत लाएंगे।