वृंदावन में क्रूज और नाव वालों की लड़ाई थाने पहुंची, चार नाविकों पर केस हो गया
- वृंदावन में यमुना में पर्यटकों को घुमाने से होने वाली कमाई को लेकर क्रूज और नाव वालों की लड़ाई थाने पहुंच गई है।

भगवान श्रीकृष्ण की नगरी वृंदावन में यमुना नदी में पर्यटकों को घुमाने से होने वाली कमाई की लड़ाई पुलिस थाने पहुंच गई है। क्रूज संचालक कंपनी ने चार नाविकों से कंपनी के कर्मचारियों को खतरा बताते हुए थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मथुरा क्रूज लाइन नाम की कंपनी ने यह आरोप भी लगाया है कि छोटी नाव चलाने वाले नाविक जीवन को खतरे में डालने वाली गतिविधियां कर रहे हैं।
मथुरा क्रूज लाइंस के चेयरमैन राहुल शर्मा ने दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया है कि नाव चलाने वाले नाविक जान जोखिम में डालने वाले काम कर रहे हैं। आरोप लगाया गया है कि नाव संचालन के रास्ते में आने को लेकर सोमवार की रात उनके साइट मैनेजर इरफान समेत अन्य कर्मचारियों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है। मुकदमे में नाविक बलवीर, शिशुपाल, गुलाब और हरिचंद को उपद्रवी बताते हुए आरोपी बनाया गया है। राहुल शर्मा ने पुलिस से खुद और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
नए साल का जश्न मनाने के लिए हैक कर डाली क्रूज की वेबसाइट, जाली टिकट बनाकर की मौज
स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद की जड़ पर्यटकों से होने वाली कमाई है। क्रूज के संचालन से स्थानीय नाविकों का धंधा चौपट हो रहा है जिनकी संख्या सौ के करीब है। नाविकों के लिए यहां नाव चलाना ही रोजगार का एकमात्र साधन है। क्रूज कंपनी ने यहां दो बड़े-बड़े बोट लगा रखे हैं जो एक बार में बड़ी संख्या में लोगों को यमुना की सैर करा देते हैं। इससे नाव वालों की कमाई मार खा रही है। नाव और क्रूज की सवारी में रेट और लगने वाले समय का भी अंतर है।