दिल्ली में दृश्यता कम, लखनऊ की पांच फ्लाइटें निरस्त, यात्री रहे परेशान
दिल्ली में दृश्यता कम होने की वजह से लखनऊ एयरपोर्ट पर पांच उड़ानें निरस्त हो गईं। साथ ही फ्लाइटें 7 घंटे तक लेट हुईं। कैंसिल की सूचना पर यात्रियों को काफी परेशानी हुई।

किसी को जरूरी काम है। किसी को समारोह में पहुंचना है। तो किसी को आगे कनेक्टिंग फ्लाइट या ट्रेन पकड़नी है। यात्री दो मिनट लेट हो जाए तो एयरलाइंस बोर्डिंग काउंटर बंद कर देती हैं। फ्लाइट लेट हो या निरस्त, लेकिन यात्रियों के समय का इनके लिए कोई मोल नहीं। दिल्ली एयरपोर्ट पर दृश्यता कम होने के बाद करीब 3 हजार यात्रियों ने एयरलाइंसों की मनमानी झेली। जिससे मिलने जाना था मिल नहीं पाए, जिनको आगे जाना था जा नहीं सके। लखनऊ एयरपोर्ट पर पांच उड़ानें निरस्त हो गईं। साथ ही फ्लाइटें 7 घंटे तक लेट हुईं।
इंडिगो की फ्लाइट 6ई 2172 को सोमवार 1:25 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 2:35 बजे लखनऊ उतरना था। लखनऊ आने वाले यात्री दो घंटे पहले एयरपोर्ट समय पर पहुंच गए। बोर्डिंग से ऐन पहले उनको बताया गया कि दृश्यता की कमी से उनकी फ्लाइट डायवर्ट हो गई है। अब यह फ्लाइट दिन में 3:20 बजे उड़ान भरेगी। यात्रियों के पास कोई विकल्प नहीं बचा। यात्रियों ने बताया कि 3:20 बजे भी बोर्डिंग शुरू नहीं हुई। एयरलाइंस के कर्मचारी सही सूचना तक नहीं दे पा रहे थे। करीब 4:25 बजे बोर्डिंग पूरी हुई। यह फ्लाइट शाम 5:00 बजे लखनऊ के रनवे पर उतरी। इस बीच अधिसंख्य यात्रियों की यहां तक की यात्रा बेमतलब हो चुकी थी। इसी तरह दिल्ली लखनऊ एआई 811, बेंगेलुरु लखनऊ आईएक्स 2711, लखनऊ अबूधाबी 6ई 1415 भी लेटलतीफी का शिकार हुईं।
अचानक फ्लाइट कैंसल कर दी, अब पाठकों को क्या जवाब दूं- नीलेश मिसरा
जानेमाने स्टोरीटेलर नीलेश मिसरा ने एक्स पर पोस्ट किया...अचानक हमारी तीन बजे की लखनऊ-दिल्ली फ्लाइट कैंसिल कर दी गई। मैं और मेरे पिता बुक लॉन्चिंग के लिए जा रहे थे। इस आयोजन में शामिल होने आने वाले सैकड़ों लोगों को क्या जवाब दूंगा।
सोशल मीडिया पर जवाब तक नहीं
यात्रियों के अनुसार, कुछ समय पहले तक एक्स पर संबंधित एयरलाइंसें यात्रियों की पोस्ट पर जवाब देती थीं। इससे यह भी पता चल जाता था कि उनकी फ्लाइट की स्थिति क्या है। अब एयरलाइंस जल्दी जवाब नहीं देतीं। रचिता विश्वकर्मा ने दिन में तीन बजे के आसपास पोस्ट किया कि उनकी फ्लाइट पांच घंटे लेट है। एयरलाइंस की ओर से कोई जवाब नहीं है। उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को भी टैग किया। उनको जिस उड़ान से दिल्ली जाना था वह इंडिगो की फ्लाइट 6ई 2055 लखनऊ से 11:10 बजे उड़ान भरकर 12:16 बजे दिल्ली उतरती है। यह फ्लाइट सोमवार को सात घंटे बाद शाम 6:06 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई।
फ्लाइट तो लेट ही हुई, बैगेज भी तोड़ा
एक्स पर एक यात्री ने पोस्ट किया कि उनकी एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान एक घंटा लेट हुई। एससीवीएस 8 बी, पीएनआर वाले इस यात्री ने बताया कि उनका बैगेज विमान में चढ़ाने उतारने के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने इसकी फोटो भी पोस्ट की।
ये उड़ानें निरस्त की गईं
सोमवार को लखनऊ दिल्ली उड़ान 6ई 5090, 6ई 2077 निरस्त रहीं। इनके अलावा एस 9-331, एस 9-332, एस 9-315 निरस्त कर दी गईं।