अधिवक्ता से विवाद के बाद कानूनगो को हटाया
Varanasi News - वाराणसी में सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान नायब तहसीलदार और अधिवक्ताओं के बीच विवाद में कानूनगो संजय सिंह की दखलंदाजी महंगी पड़ी। उन्हें पिंडरा तहसील में स्थानांतरित कर दिया गया। अधिवक्ताओं ने आरोप...

वाराणसी, विशेष संवाददाता। सदर तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस के मौके पर सुनवाई के दौरान नायब तहसीलदार और अधिवक्ताओं के बीच हुई नोकझोंक में दखलंदाजी करना कानूनगो संजय सिंह को महंगा पड़ गया। कानूनगो का तबादला पिंडरा तहसील में कर दिया गया है। इस संबंध में मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) की ओर से जारी आदेश पर राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों ने नाराजगी भी जताई। प्रकरण के अनुसार शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस पर कुछ अधिवक्ता पहुंचे और नायब तहसीलदार सदर प्रीतम सिंह पर रुपये लेने के बावजूद रिपोर्ट बदलने का आरोप लगाया। इस पर उनकी नायब तहसीलदार से नोकझोंक शुरू हो गई।
अधिवक्ताओं का आरोप था कि कानूनगो संजय सिंह के हाथों से एक अधिवक्ता अनुपम पांडेय के गर्दन में नाखून लग गया। अधिवक्ता इस पर तहसील में हंगामा करने के बाद शिवपुर थाने पहुंचे। यहां एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा और एसीपी कैंट ने विदुष सक्सेना ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। सीआरओ ने शनिवार को कानूनगो के पिंडरा तहसील में स्थानांतरण कर दिया है। उधर, कानूनगो के समर्थन में राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उतर आए। उन्होंने रविवार को सदर तहसील सभागार में बैठक कर स्थानांतरण आदेश पर नाराजगी जताई। अमीन संघ के जिलाध्यक्ष अशोक सिंह और कर्मचारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष राजकुमार वर्मा ने कहा कि प्रकरण से जिलाधिकारी को अवगत कराया जाएगा। स्थानांतरण आदेश वापस नहीं हुआ तो आंदोलन करेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।