धाम में फूलों की होली से ‘रंगभरी शुरू
Varanasi News - वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम में रंगभरी एकदशी के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय उत्सव की शुरुआत हुई। मंदिर में बाबा विश्वनाथ और मां गौरा की चल प्रतिमा का दर्शन-पूजन हुआ। मेयर और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की...

वाराणसी, हिटी। काशी विश्वनाथ धाम में रंगभरी एकदशी के उपलक्ष्य में शनिवार को तीन दिवसीय उत्सव की शुरुआत हुई। मंदिर परिसर स्थित बाबा विश्वनाथ और मां गौरा की चल प्रतिमा शास्त्रीय अर्चना के साथ मंदिर चौक में विराजमान की गई। पुजारी पं. श्रीकांत महाराज के प्राण-प्रतिष्ठा औऱ धार्मिक अनुष्ठान के बाद आम श्रद्धालुओं ने प्रतिमा का दर्शन-पूजन किया। मेयर अशोक तिवारी, न्यास के पूर्व सदस्य वेंकटरमन घनपाठी औऱ प्रो. ब्रजभूषण ओझा, प्रसिद्ध इतिहासकार और लेखक विक्रम सम्पत आदि गणमान्य की अगुवाई में भक्तों ने बाबा विश्वनाथ और मां गौरा की चल प्रतिमा के समक्ष फूलों से होली खेली। फूलों की रंग-बिरंगी वर्षा से माहौल उत्सवपूर्ण हो गया। श्रद्धालुओं ने मिलकर होली के रंगों का आनंद लिया और एकता, प्रेम तथा भाईचारे का संदेश फैलाया I
इससे पहले आयोजन के तहत शंकराचार्य चौक में देर शाम विशाखापत्तनम के त्रिशक्ति भजन मंडल के भगवान शिव की स्तुति से शिवार्चनम संध्या की शुरुआत हुई। दूसरी प्रस्तुति डॉ. आशीष जायसवाल और उनके समूह कलाकारों के ध्रुपद गायन की थी। पं. अंशुमन महाराज ने टीम के साथ काशी रस वाद्यवृंद की प्रस्तुति में भारतीय वाद्ययंत्रों का सामंजस्य और श्रद्धा की गूंज का अनुभव हुआ। अंशिका सिंह ने अपने भजनों से लोगों को झूमने को विवश कर दिया। अंतिम प्रस्तुति में पं. रविशंकर मिश्र ने कथक नृत्य ने दर्शकों को भारतीय संस्कृति की सुंदरता से परिचित कराया। संचालन दूरदर्शन उद्घोषिका मीनाक्षी दीक्षित ने किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।