होली पर गले मिलने से मना किया तो युवक को मारी गोली, बीच-बचाव में एक अन्य घायल
- मुरादाबाद में होली पर गले मिलने से मना करने पर कटघर क्षेत्र निवासी युवक को गोली मार दी गई। उसके साथी के ऊपर भी तमंचे के बट से हमला किया गया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

मुरादाबाद में होली पर गले मिलने से मना करने पर कटघर क्षेत्र निवासी युवक को गोली मार दी गई। उसके साथी के ऊपर भी तमंचे के बट से हमला किया गया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। दोनों आरोपी आपस में सगे भाई हैं। कटघर थाना क्षेत्र के मोहल्ला वीरशाह हजारी निवासी अक्षय गुप्ता बिजली विभाग में काम करता है। बताया गया कि शुक्रवार को होली खेलने के बाद अक्षय अपने साथी संजय आर्य के साथ पड़ोस के परचून की दुकान के पास खड़ा था।
आरोप है कि उसी समय मछुआपुरा निवासी अभिषेक सिंह उर्फ छोटू नशे में धुत होकर वहां पहुंचा और अक्षय के दोस्त संजय आर्य से होली मिलने के लिए कहने लगा। उसने मना किया तो आरोपी अभिषेक गाली-गलौज करते हुए घर चला गया। थोड़ी देर में अभिषेक अपने भाई भोलू के साथ पिस्टल लेकर बाहर आया और फायर कर दिया, जिसमें अक्षय और संजय बाल-बाल बचे। बाद में आरोपियों ने अक्षय के पैर में गोली मार दी। आरोपी तीसरी बार पिस्टल लोड कर रहे थे तभी संजय उनसे भिड़ गया।
चीख पुकार मचने पर आसपास के लोग आरए तो आरोपी धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। बाद में परिजनों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।सीओ कटघर आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि फायरिंग में एक युवक घायल हुआ है। उसके भाई अमित गुप्ता ने थाने में तहरीर दी है। जिस पर अभिषेक और उसके भाई भोलू के खिलाफ जानलेवा हमला समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।