Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़up mla s need weapons like collectors for security parties ruling and opposition agreed on this issue

यूपी के विधायकों को सुरक्षा के लिए चाहिए कलेक्‍टर जैसे असलहे, इस मसले पर पक्ष-विपक्ष हुए एक

  • विधायकों का कहना है कि जिलाधिकारियों के सुरक्षाकर्मी के पास आधुनिक हथियार होते हैं। हमारे सुरक्षाकर्मी ऐसा हथियार थामे हैं, जिसे लोड करना या चलाना दूभर है। एक माननीय ने तो यह भी कहा कि कार्बाइन अपने आप भी चल जाती है। अब वे एके-47 चाहते हैं।

Ajay Singh हिन्दुस्तान, राजकुमार शर्मा, लखनऊSun, 22 Dec 2024 05:56 AM
share Share
Follow Us on
यूपी के विधायकों को सुरक्षा के लिए चाहिए कलेक्‍टर जैसे असलहे, इस मसले पर पक्ष-विपक्ष हुए एक

UP MLAs security: उत्‍तर प्रदेश के विधायकों को कलेक्टर जैसा अपनी सुरक्षा के लिए कलेक्टर जैसा असलहा चाहिए। ये माननीय पुरानी कार्बाइन से खुश नहीं हैं। उसकी सिलसिलेवार खामियां गिना रहे हैं। उनका कहना है कि जिलाधिकारियों के सुरक्षाकर्मी के पास आधुनिक हथियार होते हैं। हमारे सुरक्षाकर्मी ऐसा हथियार थामे हैं, जिसे लोड करना या चलाना दूभर है। एक माननीय ने तो यह भी कहा कि यह कार्बाइन अपने आप भी चल जाती है। अब वे लोग एके-47 चाहते हैं। खास बात यह है कि सदन में हर बात पर एकदूसरे का विरोध करने वाले माननीय अत्याधुनिक असलहा के मुद्दे पर एकराय हैं।

हालिया विधानमंडल सत्र हंगामेदार रहा। सत्तापक्ष और विपक्ष में तमाम मौकों पर तकरार और तीखी नोंकझोंक भी हुई। मगर विधान परिषद में आखिरी दिन ऐसा भी था, जब डा. भीमराव आंबेडकर के चित्र को लेकर पक्ष-विपक्ष भिड़ गए थे। वॉकआउट भी हुआ। मगर इसी बीच कुछ पल ऐसे भी थे, जब सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच फर्क करना मुश्किल था। यह उस समय हुआ जब गनर, अत्याधुनिक असलहा और भत्ते बढ़ाने की बात हुई। सपा के आशुतोष सिन्हा ने पूर्व विधायकों को गनर देने का मुद्दा उठाया था। साथ में यह भी जोड़ा कि विधायकों को ट्रेंड गनर दिए जाने चाहिए। आसन से पूछा गया कि यह ट्रेंड गनर क्या होता है। क्या वो अनट्रेंड भी होते हैं। इस पर सिन्हा के साथ-साथ सत्ता पक्ष के कई सदस्यों ने भी उसे परिभाषित किया।

गोली कहीं गाड़ी के अंदर चल जाती तो....

भाजपा के सुरेंद्र चौधरी बोले विधायकों को ऐसे असलहे दिए जाएं जो चलाने पर ही चलें। खुद के साथ का एक वाकया बताते हुए कहा कि पिछले दिनों उनकी गाड़ी से उतरते ही गिरने से गनर की कार्बाइन खुद ही चल गई। इस पर सपा के मुकुल यादव ने चुटकी ली कि अविलंब आधुनिक हथियार और प्रशिक्षित गनर दिए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि अफसरों के पास आधुनिक हथियार वाले शैडो हैं। कहा कि गोली कहीं सुरेंद्र चौधरी की गाड़ी के अंदर चल जाती तो क्या होता। इस पर सब हंस दिए। वहीं सभापति बोले पहले तो सदन में संभावनाओं पर चर्चा नहीं होनी चाहिए और यदि हो तो अच्छी संभावनाओं पर ही हो। भाजपा के हरी सिंह ढिल्लो हों या नेता विरोधी दल लाल बिहारी यादव सहित पक्ष-विपक्ष के कई अन्य सदस्य, सभी ने एक स्वर से अत्याधुनिक हथियार और प्रशिक्षित शेडो दिए जाने की वकालत की। इस पर सभापति ने सरकार से इस मामले को दिखवाने के निर्देश जारी कर दिए गए।

अगला लेखऐप पर पढ़ें