कॉलेज से लौट रही छात्रा का रास्ता रोककर कातिलाना हमला, धारदार हथियार से गर्दन पर वार
- आगरा में एत्मादपुर क्षेत्र के गांव भीकनपुर के रास्ते पर शुक्रवार की दोपहर कॉलेज से घर लौट रही बीए की छात्रा पर कातिलाना हमला हुआ। गांव के ही एक युवक ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर प्रहार किया। छात्रा लहूलुहान हालत में घर पहुंची तो घरवालों के होश उड़ गए।

आगरा में एत्मादपुर क्षेत्र के गांव भीकनपुर के रास्ते पर शुक्रवार की दोपहर कॉलेज से घर लौट रही बीए की छात्रा पर कातिलाना हमला हुआ। गांव के ही एक युवक ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर प्रहार किया। छात्रा लहूलुहान हालत में घर पहुंची तो घरवालों के होश उड़ गए। वे बेटी को जिला अस्पताल लेकर आए। डॉक्टर ने भर्ती नहीं किया। पुलिस को सूचना हुई। एसीपी फोर्स के साथ मौके पर आए। आरोपित की तलाश की जा रही है। घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। 21 वर्षीय छात्रा शहर के एक कॉलेज में पढ़ती है।
बीए तृतीय वर्ष में है। वह कॉलेज से घर जा रही थी। गांव के रास्ते पर उसे गांव का अतुल कुमार मिला। चर्चा है कि अतुल उसे परेशान करता था। उसने छात्रा का रास्ता रोका। उसे धमकाया। कोई मदद को आता इससे पहले आरोपित ने जेब से धारदार हथियार निकाला और छात्रा की हत्या का प्रयास किया। गर्दन पर प्रहार किया। छात्रा चीखने लगी। कोई आता इससे पहले आरोपित मौके से भाग गया।
छात्रा घर पहुंची। उसके कपड़े खून से सने हुए थे। यह देख घरवालों के होश उड़ गए। वे उसे लेकर अस्पताल भागे। एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर आए। वहां उसे भर्ती नहीं किया गया। कहा गया कि पुलिस केस है। जिला अस्पताल जाएं। परिजन बेटी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां भी उसे भर्ती नहीं किया गया। घरवालों से कहा गया कि थाने की मजरूबी चिट्ठी लेकर आएं। परिजनों ने तब तक पुलिस को सूचना नहीं दी थी।
दहशत में छात्रा ने साधी चुप्पी, आरोपित की तलाश
मामला पुलिस तक पहुंचा। कंट्रोल से एत्मादपुर पुलिस को बताया गया। सूचना पर एसीपी एत्मादपुर पियूष कांत राय फोर्स के साथ मौके पर आए। पीड़िता से घटना की वजह जानने क प्रयास किया। वह दहशत में है। कुछ नहीं बोली। एसीपी ने बताया कि आशंका है कि हमला ब्लेड से किया गया है। पुलिस ने तहरीर पर जानलेवा हमले का मुकदमा लिखा है। आरोपित की तलाश की जा रही है। गांव में चर्चा है कि आरोपित छात्रा को परेशान करता था। उस पर अपने साथ चलने का दबाव बना रहा था। उसने इनकार कर दिया था। हालांकि घरवालों ने मुकदमे में घटना की कोई वजह नहीं लिखी है। पुलिस को भी अभी कुछ नहीं बताया है।