कॉलेज के बाहर मनचलों ने रास्ता रोक छात्राओं को बीच सड़क पीटा, गार्ड से भी की मारपीट
- आगरा में बीडी जैन महाविद्यालय की दो छात्राओं के साथ बुधवार को मारपीट और छेड़छाड़ की घटना हुई। बाइक सवार दो मनचलों ने छात्राओं का रास्ता रोका था। छात्राएं झुंड में थीं। विरोध करने पर आरोपियों ने हमला बोल दिया।
आगरा में बीडी जैन महाविद्यालय की दो छात्राओं के साथ बुधवार को मारपीट और छेड़छाड़ की घटना हुई। बाइक सवार दो मनचलों ने छात्राओं का रास्ता रोका था। छात्राएं झुंड में थीं। विरोध करने पर आरोपियों ने हमला बोल दिया। कॉलेज का गार्ड छात्राओं को बचाने पहुंचा तो उसे भी मारा-पीटा। कार्यवाहक प्रिंसिपल ने थाने पहुंचकर शिकायत की। गुरुवार को एक दरोगा कॉलेज आया। बोला जिनके साथ मारपीट और छेड़छाड़ हुई थी उन्हें थाने भेज दो। दरोगा का यह अंदाज देख आक्रोश फैल गया।
डॉ. एसके चौहान कॉलेज के मैनेजमेंट से जुड़े हैं। बीडी जैन महाविद्यालय मंडलायुक्त के घर के पास है। महाविद्यालय, इंटर कॉलेज और बाल मंदिर एक साथ चलते हैं। दोपहर के समय छात्राएं छुट्टी के बाद घर जा रही थीं। आरोप है कि काली पल्सर सवार दो युवकों ने छात्राओं को देखकर उन पर फब्ती कसी। छात्राओं ने इसका विरोध किया। मनचले रुक गए। विरोध करने वाली छात्राओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। दो छात्राओं को पीटा।
यह देख दूसरी छात्राएं सहम गई। मदद के लिए शोर मचाया। कॉलेज का गार्ड दौड़कर मौके पर पहुंचा। आरोपियों ने गार्ड को भी पीटा और मौके से भाग गए। घटना से दहशत में आई छात्राएं कॉलेज वापस लौटकर आई। कार्यवाहक प्रिंसिपल मीरा अग्रवाल को घटना बताई। 112 नंबर पर फोन किया गया। पुलिस बुधवार को वीआईपी में व्यस्त थी। डॉ. मीरा अग्रवाल सदर थाने तक गई। लिखित में शिकायत की। बताया कि छुट्टी के समय कॉलेज के आस पास सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।
दरोगा बोला, छात्राओं को थाने भेज दो
गुरुवार को सदर थाने से एक दरोगा मौके पर जांच करने पहुंचे। कॉलेज पहुंचकर शिक्षिकाओं से मिले। उनसे कहा। कि जिन छात्राओं के साथ घटना हुई थी उन्हें थाने भेज दें। दरोगा का यह अंदाज शिक्षिकाओं को रास नहीं आया। उन्होंने विरोध किया। कहा कि ऐसे कैसे छात्राओं को थाने भेज दें। प्रिंसिपल ने शिकायत की है। पुलिस पीड़ित छात्राओं से कॉलेज कैंपस में बातचीत कर सकती है। अपनी तरफ से भी मुकदमा लिखकर कार्रवाई कर सकती है। छात्राओं को थाने नहीं भेजा जाएगा। पुलिस को बातचीत करनी है कॉलेज में ही करे। किसी महिला पुलिस कर्मी को क्यों नहीं भेजा गया। दोपहर को दूसरे दरोगा को मौके पर जांच के लिए भेजा। महिला पुलिस फिर भी कॉलेज नहीं गई।
मौके पर नहीं गए इंस्पेक्टर
बीच सड़क पर महाविद्यालय की दो छात्राओं को रोककर पीटा गया। घटना देख कॉलेज की अन्य छात्राएं भी दहशत में आ गई। कार्यवाहक प्रिंसिपल ने आकर थाने में शिकायत की। इंस्पेक्टर व्यस्त रहते हैं। ऐसी घटना पर दूसरे दिन भी मौके पर पहुंचना उचित नहीं समझा। किसी महिला अधिकारी को घटना से अवगत नहीं कराया गया। हालांकि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। इंस्पेक्टर सदर विरेश गिरी ने बताया कि सीसीटीवी में आरोपियों की बाइक दिखी है। उनकी तलाश की जा रही है।