Hindi NewsUttar-pradesh NewsUnnao NewsSevere Heatwave Alert in Unnao Temperatures Expected to Reach 44 C

दो दिन लू का येलो अलर्ट, पारा भी चढ़ेगा

Unnao News - उन्नाव में तपती गर्मी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। डॉक्टरों ने धूप में न निकलने की सलाह दी...

Newswrap हिन्दुस्तान, उन्नावThu, 24 April 2025 06:57 PM
share Share
Follow Us on
दो दिन लू का येलो अलर्ट, पारा भी चढ़ेगा

उन्नाव, संवाददाता। तपाने वाली गर्मी के दिन शुरू हो गए हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दो दिन यानी शुक्रवार और शनिवार तक येलो अलर्ट जारी करते हुए लू चलने की संभावना जताई है। साथ ही, अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। डॉक्टरों ने दोपहर 12 से तीन बजे तक धूप में न निकलने की सलाह दी है। असल में, पिछले छह दिन से अधिकतम तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। गुरुवार को भी अधिकतम 41 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। हालत यह है कि सुबह 11 बजते ही आसमान से चिलचिलाती धूप और गर्म हवा के थपेड़े लू का अहसास कराने लगते हैं। दोपहर को सड़कों पर सन्नाटा हो जाता है, जो शाम को सूरज ढलने के बाद ही छंटता है। विशेषज्ञ बताते हैं कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हीट वेव भी चलेगी।

धौरा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. जय यादव के मुताबिक, ग्लोबल वार्मिंग के चलते हर साल तापमान तेजी से बढ़ रहा है। यह साल बीते सालों की अपेक्षा अधिक गर्म रहने का अंदेशा है। मौसम विभाग ने इस साल लगभग 45 दिन तक लू चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में भीषण गर्मी में लोगों को बाहर निकलने से बचना चाहिए। बेहद आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकले।

अस्पतालों में बनाए जा रहे कूलिंग कॉर्नर

हीटवेव को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर है। सभी अस्पतालों में कूलिंग कॉर्नर बनाए जा रहे हैं। एसीएमओ डॉ. हरिनंदन ने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत लोगों को जागरूक किया जा रहा है। बढ़े हुए तापमान में बाहर निकलकर लोग हीट स्ट्रोक के शिकार हो सकते हैं। इसमें शरीर के तापमान का नियंत्रण सिस्टम पूरी तरह से फेल हो जाता है और शरीर का तापमान बहुत ज्यादा बढ़ जाता है। इस स्थिति में शरीर को ठंडा बनाए रखने के लिए पसीना नहीं निकल पाता है।

बच्चों की त्वचा को सीधे धूप से बचाएं

जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित श्रीवास्तव ने बताया कि गर्मी में अपने बच्चों को सूती कपड़े पहनाएं। कृत्रिम फेब्रिक या सिंथेटिक कपड़े इस्तेमाल न करें। बच्चों की नाजुक त्वचा को सूरज की सीधी किरणों से बचाने के लिए लंबी बाजू के हल्के कपड़े पहनाएं। धूप से बचाव के लिए हैट या टोपी इस्तेमाल करें। सुबह दस शाम पांच बजे तक जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें।

इन बातों का रखें ध्यान

- पेटदर्द, जी मिचलाने पर तत्काल डॉक्टर के पास जाएं।

- हरी सब्जियों का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें।

-घर से निकलने से पहले भरपूर पानी पिएं।

- सुबह और शाम को भोजन संतुलित करें

- खुले पेय पदार्थों का सेवन करने से बचें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें