उन्नाव में 7539 लोगों को लगी कोरोना की वैक्सीन

उन्नाव। हिन्दुस्तान संवाद कोरोना के बढ़ते दायरे के बीच लोग वैक्सीनेशन को लेकर सजग हो रहे हैं। गुरुवार से 45 साल से अधिक उम्र के लोग वैक्सीनेश...

Newswrap हिन्दुस्तान, उन्नावThu, 1 April 2021 10:32 PM
share Share

उन्नाव। हिन्दुस्तान संवाद

कोरोना के बढ़ते दायरे के बीच लोग वैक्सीनेशन को लेकर सजग हो रहे हैं। गुरुवार से 45 साल से अधिक उम्र के लोग वैक्सीनेश के लिए बूथों पर उमड़ पड़े। जिले में 107 बूथों पर 7539 लोगों को टीका लगाया गया। सरकार ने 1 अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए वैक्सीनेशन के रास्ते खोल दिए, जिससे बूथों पर जहां रोज दो हजार लोग ही वैक्सीन लगवा रहे थे वहीं सात हजार से अधिक लोगों ने वैक्सीन लगवाई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि 45 से 59 के बीच के 4314 तो 60 वर्ष से अधिक उम्र के 3114 लोगों ने टीका लगवाया।

कोविड वैक्सीन लगवाने के लिए जिला पुरुष अस्पताल के बूथ में सुबह से लोगों की लाइन लग गई थी। ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण को लेकर लोगों में ऊहापोह की स्थिति रही। हालांकि स्वास्थ्य कर्मियों ने बूथ पर ही लाभार्थियों का तत्काल पंजीकरण किया। जिसके बाद लोगों को वैक्सीन लगाई गई। जिला पुरुष अस्पताल के बूथ पर गुरुवार को 118 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अचलगंज में गुरुवार को कोविड वैक्सीनेशन के लिए छह बूथ बनाए गए थे। सभी बूथों पर वैक्सीन लगवाने वालों की भीड़ रही। ऑनलाइन पंजीकरण न कराने की वजह से लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा। हर किसी में वैक्सीन लगवाने को ल ेकर उत्साह देखा गया। अचलगंज सीएचसी के सभी बूथों पर 392 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। महिला अस्पताल में एक बूथ बनाया गया था। यहां सुबह दस बजे वैक्सीनेशन की शुरुआत हुई। सबसे पहले ऑनलाइन पंजीकरण वालों को वैक्सीन लगाई गई। यहां 112 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।

अरबन पीएचसी मोतीनगर में लाभार्थियों की भीड़ कम रही। जागरूकता की कमी की वजह से यहां 50 से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन नहीं हो पा रहा है। गुरुवार को 45 से 59 वर्ष के बीच के 33 लोगों ने पीएचसी में वैक्सीन लगवाई। मियागंज सीएचसी में पांच बूथों पर वैक्सीन लगाई गई। एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी व्यक्तियों को वैक्सीन लगाने की शुरुआत पर बूथों पर भीड़ उमड़ी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें