कानपुर में गंगा नदी पर बनेंगे दो और सिक्स लेन पुल, सफर होगा आसान
- उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में कानपुर में गंगा नदी पर दो और सिक्स लेन पुल बनेंगे। कानपुर शहर के चारों तरफ 93 किमी की रिंग रोड पर दोनों पुल बनाए जाएंगे। इसका निर्माण एनएचएआई करेगा। इससे सफर आसान होगा।

कानपुर में गंगा नदी पर दो और पुल बनाने की स्वीकृति मिल गई है। कानपुर शहर के चारों तरफ 93 किमी की रिंग रोड पर दोनों पुल बनाए जाएंगे। इसका निर्माण एनएचएआई करेगा। डिजाइन बना ली गई है। एक पुल बिठूर तो दूसरा चकेरी एयरपोर्ट के पीछे से गुजर रही रिंग रोड पर बनेगा। दोनों सिक्सलेन के होंगे। इनके बनने से शहर में गंगा पर छह पुल हो जाएंगे। अभी चार से वाहनों की आवाजाही हो रही है। शुक्लागंज पुराना गंगा पुल तीन महीने पहले गिर चुका है। एनएचएआई के दोनों बड़े पुलों से गंगा के दोनों छोरों से कनेक्टिविटी काफी आसान हो जाएगी। ये पुल वर्ष 2027 में बनाए जाएंगे।
बिठूर में 3.3 किमी लंबा होगा :एनएचएआई ने दोनों पुलों की डिजाइन तैयर कर ली है। इसके तहत एक पुल बिठूर में बनेगा, जिसकी लंबाई 3.3 किमी होगी। इसे बिठूर में गंगा वैली के पीछे से गुजर रही गंगा पर बनाया जाएगा। दूसरा सिक्सेलन पुल चकेरी एयरपोर्ट के पीछे उन्नाव को कानपुर से जोड़ने वाली गंगा पर बनेगा। लंबाई 1.1 किमी होगी।इन पुलों से होकर उन्नाव, लखनऊ से आने और उधर जाने वाले वाहन मंधना होते हुए कानपुर-अलीगढ़ हाईवे से निकल जाएंगे।चकेरी एयरपोर्ट के पीछे से गंगा पुल से हो वाहन प्रयागराज-दिल्ली हाईवे से कनेक्ट हो जाएंगे। पैकेज-3 का पुल चकेरी एयरपोर्ट के पीछे बनेगा। काम शुरू कर दिया गया है। पैकेज-2 बी के तहत बिठूर में गंगा पुल बनेगा। ठेकेदार कंपनी तय नहीं की गई है।
अभी चार पुलों से है कनेक्टिविटी
कानपुर को लखनऊ-उन्नाव रूट से जोड़ने वाली गंगा पर चार पुल बने हुए हैं। जाजमऊ के पुराने और नए गंगापुल, शुक्लागंज नया गंगापुल और गंगा बैराज पुल से कनेक्टिविटी है। 149 साल पुराना शुक्लागंज का पुराना गंगा पुल तीन महीने पहले गिर चुका है। पांचवां पुल ट्रांसगंगा सिटी से रानीघाट और धोबीघाट को जोड़ने के लिए प्रस्तावित पुल यूपीसीडा बनवा रहा है। इसे सेतु निगम लखनऊ की टीम बनाएगी। अब वाई आकार में बनने वाले पुल की लागत बढ़ गई है, जिसे 726 करोड़ रुपये से बनाया जाएगा।
गंगा पर पुल व ट्रैफिक
1. जाजमऊ पुराना गंगा पुल
निर्माण हुआ : वर्ष 1975 में
मौजूदा स्थिति : चालू है
ट्रैफिक लोड : 2 लाख वाहन रोज
2. गंगा बैराज पुल
निर्माण हुआ : वर्ष 2000 में
ट्रैफिक लोड : 90 हजार वाहन रोज
3. जाजमऊ समानांतर गंगा पुल
निर्माण हुआ : वर्ष 2011 में
ट्रैफिक लोड : 1.25 लाख वाहन रोज
4. शुक्लागंज गंगा पुल
निर्माण हुआ : वर्ष 2018 में
ट्रैफिक लोड : 60 हजार वाहन रोज