यूपी में अपहरण कर दो लड़कों संग हैवानियत, सुनसान जगह पर ले जाकर बेरहमी से पीटा, 10 युवक हिरासत में
- देवरिया के लार कस्बा स्थित स्वामी देवानंद मठ कॉलेज के पास से बाइक सवार मनबढ़ों ने चाकू दिखा कर दो किशोरों का अपहरण कर लिया और उन्हें बेरहमी मारा-पीटा। दोनों किशोर गिड़गिड़ाते रहे और मनबढ़ उन्हें बेरहमी से पीटते रहे।

देवरिया के लार कस्बा स्थित स्वामी देवानंद मठ कॉलेज के पास से बाइक सवार मनबढ़ों ने चाकू दिखा कर दो किशोरों का अपहरण कर लिया और उन्हें बेरहमी मारा-पीटा। दोनों किशोर गिड़गिड़ाते रहे और मनबढ़ उन्हें बेरहमी से पीटते रहे। दुस्साहसी युवकों ने खुद ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। 26 जनवरी की इस घटना का वीडियो वायरल होने पर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। हालांकि वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान नहीं करता है। पुलिस ने नौ नामजद व कई अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर 10 को हिरासत में ले लिया है। चर्चा है कि मनबढ़ युवक 302 गैंग के सदस्य हैं।
लार कस्बा निवासी किशोर 26 जनवरी को दोपहर 12:30 बजे विद्यालय से घर की तरफ से जा रहा था। अभी वह स्वामी देवानंद मठ कॉलेज के पास पहुंचा था कि कुछ बाइक पर फर्राटा भरते हुए मनबढ़ों का एक गैंग पहुंचा और किशोर के साथ ही एक अन्य किशोर का चाकू की नोंक पर अपहरण कर लिया। मनबढ़ों ने दोनों किशोरों को बाइक पर बैठा लिया और उन्हें पिंडी रोड स्थित एक निर्जन स्थान पर ले गए। मनबढ़ों ने दोनों की बेरहमी से पिटाई की। इस घटना का उन्होंने खुद वीडियो भी बनाया और वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में बाइक पर बैठाकर किशोरों को ले जाते समय भी मनबढ़ों ने उनकी पिटाई की।
किशोरों को मारने-पीटने वालों की संख्या दर्जन भर से अधिक थी। दोनों किशोर गिड़गिड़ाते रहे और दुस्साहसी मनबढ़ उन्हें पीटते रहे। काफी देर तक पिटाई के बाद मनबढ़ों ने दोनों को वहीं छोड़ दिया और फरार हो गए। आरोप तो यहां तक है कि एक किशोर को मनबढ़ों ने अर्द्ध नग्न कर मारापीटा। प्रभारी निरीक्षक उमेश वाजयेपी ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी नाबालिग हैं। चर्चा है कि लार थाना क्षेत्र में इन दिनों एक गैंग सक्रिय है। गैंग का नाम 302 है। लोगों का कहना है कि आरोपी उसी गैंग से जुड़े हैं।