बाबा साहेब का अपमान करने वाले को जूते मारेंगे, औरैया में प्रदर्शन के दौरान BJP जिलाध्यक्ष के बिगड़े बोल
औरैया में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर के साथ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की तस्वीर लगाए जाने से खफा भाजपाइयों ने बुधवार को विरोध-प्रदर्शन किया। पुरवा चैनसुखपुर बिरिया स्थित आंबेडकर प्रतिमा के पास इकट्ठा होकर सपा के विरोध में नारेबारी की।

यूपी के औरैया में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर के साथ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की तस्वीर लगाए जाने से खफा भाजपाइयों ने बुधवार को विरोध-प्रदर्शन किया। पुरवा चैनसुखपुर बिरिया स्थित आंबेडकर प्रतिमा के पास इकट्ठा होकर सपा के विरोध में नारेबारी की। इसी स्थान का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया कह रहे हैं- बाबा साहेब का अपमान करने वाले को जूते मारेंगे। आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
सपा के एक होर्डिंग में डॉ.आंबेडकर की आधी तस्वीर काटकर उस हिस्से में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तस्वीर लगाए जाने से भाजपाई आक्रोशित थे। भाजपा कार्यकर्ता तुर्कीपुर में भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया के नेतृत्व में एकत्र हुए। हाथों में काली पट्टी बांधकर पुरवा चैनसुखपुर बिरिया स्थित आंबेडकर की प्रतिमा के सामने विरोध-प्रदर्शन करने लगे। सर्वेश कठेरिया ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। दलित विरोधी जिनकी पहचान, समाजवादी पार्टी उसका नाम जैसे तमाम नारे लगाए गए। विरोध के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि सपा द्वारा लगाई गई होर्डिंग में बाबा साहेब का अपमान किया गया है। खुद को उनके बराबर प्रदर्शित करना दूषित मानसिकता है। यह बाबा साहेब के अनुयायियों की आस्था पर कुठाराघात भी है। हम इसकी निंदा करते हैं। बाबा साहेब का अपमान करने वाले को हम जूते से मारेंगे।
सर्वेश कठेरिया ने कहा कि बाबा साहेब के विराट व्यक्तित्व की तो बात ही क्या, अखिलेश पहले मेरा ही मुकाबला कर लें। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे ने कड़ी निंदा करते हुए कहा कि हम आंबेडकरवादी लोग बाबा साहेब का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। सपा के शासनकाल में दलित कार्मिकों के प्रमोशन में आरक्षण पर रोक लगाई थी। जिससे लाखों दलित अधिकारियों और कर्मचारियों को डिमोशन का दंश झेलना पड़ा। बाबा साहेब को दलित समाज भगवान मानता है। आज हम सब जिस स्थान पर हैं, सब बाबा साहेब की बदौलत हैं। जो भी बाबा साहेब का अपमान करेगा, उसे जूते मारूंगा।