तालाब में मिले व्यक्ति के शव की हुई पहचान, घर से निकला था पेशी के लिए
- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में तालाब में मिले व्यक्ति के शव की पहचान कर ली गई है। मृतक की पहचान रायबरेली जिले के रहने वाले राजेन्द्र बहादुर सिंह के रूप में हुई है। वह घर से पेशी के लिए निकला था।

यूपी के सुलतानपुर जिले में मंगलवार की शाम जयसिंहपुर क्षेत्र के रैदहा तालाब में मिले व्यक्ति के शव की पहचान पुलिस ने कर लिया। मृतक की पहचान रायबरेली जिले के रहने वाले राजेन्द्र बहादुर सिंह के रूप में हुई है। घर से रायबरेली कोर्ट में मुकदमे की पेशी के लिए निकले थे। सूचना पर घरवाले अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने मौत कैसे हुई इसकी जांच में जुट गई है। शव रात में बिरसिंहपुर सौ बेड अस्पताल की मर्च्युरी में पुलिस ने रखवाया था।
रायबरेली जिले के खीरो थाना क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी राजेन्द्र बहादुर सिंह(55) बीते 17 मार्च कि सुबह करीब सात बजे घर से रायबरेली कोर्ट में मुकदमे की पैरवी के लिए निकले थे। मृतक के बेटे आशीष ने बताया कि उसके पिता अक्सर घर से जमीनी मुकदमे में पैरवी के लिए रायबरेली जाते थे। वहां रिश्तेदारी में अक्सर दो तीन दिन रुक भी जाया करते थे। वह जब 17 मार्च की रात घर नहीं लौटे तो सगे सम्बन्धियों के यहां फोनकर जानकारी ली मगर कुछ पता नहीं चला। मंगलवार की रात पुलिस ने उसके पिता के शव मिलने की जानकारी दी। रात में ही मृतक राजेन्द्र के परिजन अस्पताल पहुंच गए। जयसिंहपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। किन परिस्थितियों में राजेंद्र की मौत हुई है इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गई है। जानकारी देने पर घरवाले पहुंच गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की तहकीकात की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।