मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच सीएम योगी से मिले तावड़े, मौजूदा मंत्रियों की परफॉर्मेंस पर हुई बात
- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से लेकर जिलाध्यक्षों तक को बदलेगी। इसको लेकर सूची लगभग फाइनल हो गई है। अब पार्टी में नए प्रदेश अध्यक्ष और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाओं का सिलसिला शुरू हो गया है।

भाजपा संगठन में बड़े स्तर पर बदलाव की तैयारी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से लेकर जिलाध्यक्षों तक को बदलेगी। इसको लेकर सूची लगभग फाइनल हो गई है। अब पार्टी में नए प्रदेश अध्यक्ष और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाओं का सिलसिला शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर केंद्रीय नेतृत्व की निगाहें मौजूदा मंत्रियों के कामकाज पर है। इसी संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संगठन और सरकार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इसमें जिलाध्यक्ष चुनाव से लेकर नये प्रदेश अध्यक्ष और मौजूदा मंत्रियों की परफार्मेंस भी शामिल थी।
यूं तो भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े यूपी में केंद्रीय चुनाव प्रेक्षक हैं मगर इन दिनों वे प्रदेश के अघोषित प्रभारी की भूमिका में भी दिख रहे हैं। अपने दो दिनी लखनऊ प्रवास के दौरान संगठन से लेकर सरकार तक के विषयों पर उनकी कवायद इसी ओर इशारा करती है। शनिवार को पांच कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री से उनकी मुलाकात तकरीबन एक घंटे की रही। इस दौरान जिलाध्यक्षों के चुनाव के अलावा यूपी भाजपा के नये मुखिया को लेकर भी चर्चा होने की खबर है।
तावड़े ने मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर जीत के लिए मुख्यमंत्री को बधाई भी दी। इसके अलावा टीम योगी को लेकर भी बात हुई। मौजूदा मंत्रियों की उम्र, कामकाज से लेकर अन्य विषयों पर बात हुई। इसके अलावा प्रदेश में तमाम आयोग, निगम, बोर्ड अभी रिक्त हैं। पार्षदों का भी मनोनयन होना है। संगठनात्मक चुनाव खत्म होते ही इन खाली पदों को भी भरे जाने पर भी मंथन हुआ।
दरअसल मुख्यमंत्री कुछ मंत्रियों के कामकाज से बहुत खुश नहीं हैं। ऐसे मंत्रियों के कारण कई बार सरकार को असहज होना पड़ता है। वहीं जितिन प्रसाद और अनूप प्रधान वाल्मीकि के सांसद बन जाने के बाद दो पद रिक्त भी हो गए थे। ऐसे में माना जा रहा है कि यूपी के विधानसभा सत्र के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं तेज हो सकती हैं। इसके बाद तावड़े भाजपा मुख्यालय में प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह से भी मिले। उन्होंने प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ भी संगठनात्मक चुनाव के साथ ही मंत्रिमंडल के संभावित चेहरों को लेकर चर्चा की। फिर वे दिल्ली रवाना हो गए। इससे पूर्व शुक्रवार को उन्होंने दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक के अलावा सुरेश खन्ना और सूर्यप्रताप शाही से भी मुलाकात की थी। बंद कमरे में इन लोगों से भी मंत्रिमंडल सहित संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई थी।
दिल्ली की हरी झंडी मिलते ही जारी होगी सूची
जिलाध्यक्षों की चुनाव प्रक्रिया को अंतिम रूप देने का सिलसिला शनिवार को देर शाम तक जारी रहा। खबर है कि देर रात सूची दिल्ली भेज दी गई। सूची में 70 से अधिक नाम बताए जा रहे हैं। पहले करीब 60 जिलाध्यक्षों की सूची दिल्ली भेजी गई थी। उसके बाद कुछ और जिलों पर भी सहमति बनाने की कवायद की गई। अब राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष इस सूची को देखेंगे। यदि जरूरत पड़ी तो प्रदेश चुनाव समिति को भी दिल्ली बुलाया जाएगा। फिर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की सहमति के बाद इसे जारी कर दिया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में अभी कुछ समय और लग सकता है।