Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़up weather people shivering due to cold wave melting coldest days yet to come meteorological department s forecast

UP Weather: यूपी में अभी आने वाले हैं सबसे ठंडे दिन, शीतलहर और गलन के बीच बारिश के आसार

पूरब से पश्चिम तक के यूपी में भीषण सर्दी, गलन और शीतलहर का दौर जारी है। मौसम के इस मिजाज से लोग कांप रहे हैं। खुले में रुकना बर्दाश्त से बाहर हो चला है। गलन के मारे कामकाज प्रभावित हो रहा है।

Ajay Singh वरिष्ठ संवाददाता, आगराSun, 31 Dec 2023 02:51 AM
share Share

UP Weather: यूपी में पूरब से पश्चिम तक के जिलों में भीषण सर्दी, गलन और शीतलहर का दौर जारी है। मौसम के इस मिजाज से लोग कांप रहे हैं। खुले में रुकना बर्दाश्त से बाहर हो चला है। घरों और कार्यालयों में भी गलन के मारे कामकाज प्रभावित हो रहा है। इस बीच मौसम विज्ञानियों ने नए साल के पहले दिन से मौसम में बदलाव की आशंका जताई है। प्रदेश के अलग-अलग हिस्‍सों में बादल छा सकते हैं और बारिश भी हो सकती है। पहली, दूसरी जनवरी को यूपी के कई जिलों में बारिश के आसार हैं। लोग तो ये सोचकर भी कांप जा रहे हैं कि इस शीतलहर और गलन के बीच बारिश होगी तो क्‍या होगा। जाहिर है, बारिश की वजह से तापमान गिरेगा और सर्दी बढ़ेगी।

ताजनगरी आगरा में कई दिनों से पर्याप्त धूप के दर्शन नहीं हुए। शनिवार दोपहर में कुछ मिनट के लिए हल्की धूप निकली, लेकिन पूरी तरह बेअसर रही। शेष पूरे दिन बादल छाए रहे। इधर, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण हवाएं अत्याधिक सर्द हो गई हैं। गर्म कपड़ों में भी राहत नहीं है। शनिवार को भी अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट आई है। यह अब सामान्य से पांच डिग्री कम हो गया है। इसे 17.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक होकर 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

कोहरे भरे रहेंगे आने वाले दिन
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में कभी मध्यम तो कभी घना कोहरा छाया रहेगा। एक जनवरी तक मध्यम दर्जे का कोहरा छाएगा। सुबह और देर रात इसकी अधिकता रहेगी। जबकि दो जनवरी को घना कोहरा छाने के आसार हैं। इसके बाद हल्का कोहरा और धुंध छाए रहने के संकेत हैं।

तीन के बाद गिरेगा निचला पारा
गुरुवार से शनिवार तक अब तक के सबसे ठंडे दिन रहे हैं। लेकिन सीजन के सबसे सर्द दिन आने शेष हैं। इसकी शुरुआत तीन जनवरी से हो सकती है। इसके बाद निचले तापमान में रिकार्ड गिरावट आ सकती है। सुबह और देर शाम को निकलना मुश्किल हो जाएगा। हवाएं भी अधिक सर्द हो जाएंगी।

चलने लगे रूम हीटर
गलनभरी सर्दी से बचने के लिए अब रूम हीटर और ब्लोअर चलने लगे हैं। इसके बिना काम नहीं चल रहा। कमरे इतने ठंडे हैं कि गर्म कपड़ों से राहत नहीं मिल रही है। सरकारी कार्यालयों और प्रतिष्ठानों में भी सर्दी से बचाव के लिए उपकरण लगाए गए हैं। अस्पतालों में भी राहत का प्रबंध किया गया है।

कुल्लू-शिमला जैसा ठंडा मेरठ
लगातार घने कोहरे से जूझ रहा मेरठ शनिवार को कुल्लू-शिमला जैसा ठंडा हो गया। दिनभर सूरज कोहरे की चादर दुबका रहा और पारा औंधे मुंह लुढ़क गया। शनिवार को मेरठ सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा, जबकि बीते आठ वर्षों में 30 दिसंबर दूसरा सबसे सर्द। फिलहाल घने कोहरे और सर्द दिन से राहत के आसार नहीं हैं।

आगामी 48-72 घंटे में ना केवल सर्द दिन का शिकंजा कसेगा, बल्कि कोहरा घना होगा। तीन जनवरी के बाद कोहरे में कमी हो सकती है। उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं में तेजी आने से शीतलहर की स्थितियां बन सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटे में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट के आसार हैं। इस स्थिति में मेरठ में दिन में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। फिलहाल तीन दिन तक धूप निकलने की उम्मीद ना के बराबर है। सर्द दिन का शिकंजा और कस सकता है। वहीं, मेरठ का एक्यूआई 238 दर्ज हुआ खराब श्रेणी में है।

कोहरे के चलते ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से लड़खड़ा गया है। ट्रेन के इंजतार में यात्रियों का पूरा दिन स्टेशन पर बीत रहा है। पिछले तीन दिन से पड़ रहे कोहरे के चलते ज्यादातर ट्रेनों की रफ्तार थम गई है। मेरठ से होकर जाने वाली ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी से मेरठ पहुंच रही हैं। शनिवार को मेरठ होकर जाने वाली उत्कल एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से दस घंटे की देरी से मेरठ पहुंची, इसी के साथ संगम डेढ घंटे, शालीमार एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, इंटरसिटी दो घंटे, वंदे भारत एक घंटे और अमृतसर एक घंटे देरी से मेरठ पहुंची। स्टेशन अधीक्षक आरपी सिंह ने बताया कि घने कोहरे के चलते ट्रेनों का संचालन समय से नहीं हो पा रहा है। 

दस तक जा सकता है दिन में पारा
मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटे में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट के आसार हैं। इस स्थिति में मेरठ में दिन में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। फिलहाल तीन दिन तक धूप निकलने की उम्मीद ना के बराबर है। सर्द दिन का शिकंजा और कस सकता है। वहीं, मेरठ का एक्यूआई 238 दर्ज हुआ खराब श्रेणी में है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें