Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़up monsoon update imd alert this time clouds are confusing meteorologists

UP Monsoon Update:  रूठ गया मानसून, इस बार मौसम विज्ञानियों को गच्चा दे रहे बादल

UP Monsoon Update: गर्मी से राहत की उम्मीद कम होती जा रही है। मॉनसून पर ब्रेक से उमस बनी हुई है। इस बार मौसम विज्ञानियों को बादल गच्चा दे रहे हैं। अधिकतम तापमान में भी वृद्धि होती जा रही है।

UP Monsoon Update:  रूठ गया मानसून, इस बार मौसम विज्ञानियों को गच्चा दे रहे बादल
Ajay Singh वरिष्ठ संवाददाता, कानपुरSat, 20 July 2024 06:15 AM
हमें फॉलो करें

UP Monsoon Update: गर्मी से राहत की उम्मीद कम होती जा रही है। मॉनसून ब्रेक से उमस बनी हुई है। इस बार मौसम विज्ञानियों को बादल गच्चा दे रहे हैं। अधिकतम तापमान में भी वृद्धि होती जा रही है। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन अधिकतम पारा 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

पॉकेट रेन को छोड़ दें तो पिछले 11 दिनों से चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) में बारिश रिकॉर्ड नहीं की गई है। मानसून की बारिश अब तक अनियमित हो रही है। अंतिम बार 06-07 जुलाई को 28 मिमी बारिश हुई थी पर यह भी असमान थी। बीच में जो भी बारिश हुई है वह पॉकेट रेन के रूप में रही है। शहर के दो क्षेत्रों में बारिश अलग-अलग होने से तापमान में भी अंतर पड़ रहा है। एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर तापमान कम दर्ज हो रहा है जबकि उत्तर क्षेत्र में अधिक है। सीएसए में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री रहा। इस तिथि में 1972 से अब तक कभी इतना ज्यादा पारा नहीं रहा है। न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री रहा।

मॉनसून ब्रेक से धान को खतरा 
मौसम विभाग का कहना है कि बारिश तो हो रही है पर पॉकेट रेन का ट्रेंड बना हुआ है। कानपुर और आसपास पिछले 11 दिनों से भी अधिक समय तक मध्यम या भारी बारिश एक समान रूप से नहीं हुई है। मानसून ब्रेक होने का सबसे ज्यादा असर धान पर पड़ रहा है। अन्य फसलें भी आगे प्रभावित हो सकती हैं। अधिक बारिश न होने से सब्जियों को थोड़ी राहत मिल सकती है।

एमपी से आए बादल कहीं-कहीं बरसे 
शुक्रवार को एमपी से आए बादल दक्षिणी क्षेत्र में कुछ समय के लिए बरसे। यह बारिश गोविंदपुरी नए पुल तक सीमित रही। दादा नगर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। कल्याणपुर में भी बूंदाबांदी हुई।

कानपुर में 78 फीसदी कम पानी
मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बारिश अपेक्षाकृत कम रही है। कानपुर में 24 घंटे पहले तक 78 फीसदी पानी कम बरसा। बिल्हौर जैसे स्थान पर भी पॉकेट रेन हो रही है। पूरे देश में टर्फ की स्थिति कमजोर है। इस कारण पॉकेट में ही बारिश हो रही है। इससे विशेषकर धान की फसल प्रभावित होना तय है।

रात में कहीं झमाझम तो कहीं हल्की बारिश
रूठे मानसून के बीच शुक्रवार रात 12 बजे के बाद शहर के कई इलाकों में बारिश हुई। सिविल लाइंस, परेड, फूलबाग आदि क्षेत्रों में जहां झमाझम बारिश हुई वहीं, कल्याणपुर-बिठूर इलाकों में बूंदाबांदी ही हुई। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून टर्फ अपनी सामान्य स्थिति के दक्षिण में है। 20-21 जुलाई से राहत की उम्मीद है। बारिश अगले सप्ताह तक जारी तो रह सकती है।

लेटेस्ट   Hindi News,   बॉलीवुड न्यूज,  बिजनेस न्यूज,  टेक ,  ऑटो,  करियर ,और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें