UP Monsoon Update: गर्मी से त्राहिमाम के बीच मॉनसून को लेकर बड़ा अपडेट, एंट्री से पहले 2 दिन झमाझम बारिश
UP Monsoon Update: लोकसभा चुनाव नतीजों के साथ सियासी गर्मी बढ़ने के साथ ही आसामानी पारा भी चढ़ा हुआ है। इस बीच राहत का इंतजार कर रहे लोगों के लिए मौसम विभाग ने मॉनसून का बड़ा अपडेट दिया है।

UP Moonsoon Update: लोकसभा चुनाव नतीजों के साथ सियासी गर्मी बढ़ने के साथ ही आसामानी पारा भी चढ़ा हुआ है। इस बीच राहत का इंतजार कर रहे लोगों के लिए मौसम विभाग ने मॉनसून का बड़ा अपडेट दिया है। मॉनसून केरल में तय समय से एक दिन पहले ही 30 मई को आ चुका है। यूपी में इसके 18 से 20 जून के बीच प्रवेश करने की उम्मीद है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 23 से 25 जून के आसपास मॉनसून पहुंच लखनऊ पहुंच सकता है। इसके पहले प्रदेश में दो दिन बारिश होने की संभावना है। पांच और छह जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है।
वर्तमान में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। गर्म हवाओं के थपेड़े भी झेलने पड़ रहे हैं। ताजनगरी आगरा में मंगलवार को तापमान 46 डिग्री को पार कर गया। आने वाले दिनों में यही सिलसिला बरकरार रहेगा। मंगलवार को सुबह से तेज धूप निकली लेकिन तपिश बहुत ज्यादा नहीं थी। समय बढ़ने के साथ-साथ तापमान भी बढ़ने लगा। इधर मतगणना के रुझान आने शुरू हुए तो सियासी पारा बढ़ गया। दूसरी तरफ आसमानी गर्मी में भी बढ़ोत्तरी होती चली गई। जैसे-जैसे एग्जिट पोल के नतीजे गड़बड़ाए, राजनैतिक दलों और उम्मीदवारों का तापमान चरम पर पहुंच गया।
इसी दौरान गर्मी ने भी रफ्तार पकड़ ली। दोपहर 12 बजे से रफ्तार पकड़ चुकी गर्मी एक घंटे बाद ही झुलसाने लगी। जबकि एक बजे के आसपास गर्मी ने खुले में खड़ा होना मुश्किल कर दिया। छांव में भी लोग पसीना छोड़ते रहे। हालांकि मतगणना के नतीजे टीवी स्क्रीन पर आने के कारण अधिकतर लोग घरों, दुकानों, दफ्तरों में डटे रहे। कोई टीवी तो कोई मोबाइल पर मतगणना को लाइव देखता रहा। दोपहर दो बजे चुनावी तस्वीर से धुंध हटी तो गर्म हवाओं ने झुलसाना शुरू कर दिया। इस समय तापमान 46 डिग्री को पार कर चुका था। यह तापमान दो घंटे तक स्थिर रहा। लेकिन गर्म हवाओं की तपिश देर शाम तक झुलसाने का एहसास दिलाती रही।
आठ जून तक चलेंगी गर्म हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक भीषण गर्मी, उमस और गर्म हवाएं (हीट वेव) अभी पीछा छोड़ने वाली नहीं है। आठ जून तक बेहद गर्म हवाएं चलेंगी। दिन का तापमान 45 डिग्री के आसपास ही रहेगा। रात का पारा 30 डिग्री के आसपास रहेगा। अभी बारिश की उम्मीद नहीं है।
तापमान में तीन डिग्री की बढ़ोतरी
मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। इसे 46.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा होकर 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता प्रतिशत 49 दर्ज की गई।
इन जिलों में हो सकती है बारिश
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सहारनपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, सरस्वती, बहराइच, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, बिजनौर, ज्योतिबाफुले नगर, बरेली, रामपुर और मुरादाबाद में पांच और छह जून को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं कन्नौज, इटावा, कानपुर देहात, औरेया, जालौन, हमीरपुर, झांसी और बांदा समेत कई जिलों में हीटवेव का भी अलर्ट है।