Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़Two sisters stayed at home to cook food Sitapur bodies both were found hanging on same noose

खाना बनाने के लिए घर में रुकीं दो बहनें, एक ही फंदे पर लटके मिले दोनों के शव 

यूपी के सीतापुर जिले की लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव बेहड़ा कोदहरा में दो सगी बहनों का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। दोनों बहनों में एक 17 साल की है। दूसरी 19 साल की है।

Dinesh Rathour हिन्दुस्तान, अकबरपुर(सीतापुर)।Thu, 1 Aug 2024 02:00 PM
share Share

यूपी के सीतापुर जिले की लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव बेहड़ा कोदहरा में दो सगी बहनों का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। दोनों बहनों में एक 17 साल की है। दूसरी 19 साल की है। घरवाले खेत में काम करने गए थे। लौटे तो बेटियों के लटके होने की जानकारी मिली। पुलिस की तहकीकात में वजह साफ नहीं है। कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार और फारेंसिक टीम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। आत्महत्या की वजह अभी साफ नहीं है। पुलिस अभी जांच कर रही है।
घटना गुरुवार की दोपहर तीन बजे के आसपास की है। गांव के निवासी सरवन खेती बारी करते हैं। सामान्य परिवार है। उनकी दो पुत्रियां पायल (19) मुस्कान (17) और एक बेटा भी है।

सरवन व उनकी पत्नी, बेटा खेत में काम करने चले गए थे। दोनों बेटियां खाना बनाने को घर में रुक गई थीं। परिवार वाले जब खेत से दोपहर का खाना खाने लौटे तो कमरे में छत में लगे कुंडे से एक ही साड़ी से दोनों का शव लटका हुआ पाया। इसकी खबर लगते ही गांव में हड़कम्प मच गया। भारी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी मुकुल प्रकाश वर्मा व पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना के संबंध में उच्च अधिकारियों को सूचित किया।

अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उनके मुताबिक दोनों शव एक ही फंदे में पाए गए हैं। परिवार वाले कुछ बता पाने की हालत में नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ जाए उस आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। इंस्पेक्टर मुकुल प्रकाश वर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कोई भी आरोप प्रत्यारोप नहीं हैं। उधर गांव में यह भी चर्चा है कि परिवार का एक मकान लखीमपुर में भी है। वहां अधिकतर समय तक रहता है। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें