Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़Studies will be one hour more 27871 secondary schools UP commuting time also changed

यूपी के 27871 माध्यमिक स्कूलों में एक घंटा अधिक होगी पढ़ाई, आने-जाने का भी समय बदला 

यूपी बोर्ड से संबद्ध प्रदेशभर के 27871 माध्यमिक स्कूलों में अब और एक घंटे पढ़ाई होगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के परिप्रेक्ष्य में शिक्षण की न्यूनतम अवधि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह बदलाव किया है।

Dinesh Rathour प्रमुख संवाददाता, प्रयागराजFri, 3 May 2024 04:24 PM
share Share

यूपी बोर्ड से संबद्ध प्रदेशभर के 27871 माध्यमिक स्कूलों में अब और एक घंटे पढ़ाई होगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के परिप्रेक्ष्य में शिक्षण की न्यूनतम अवधि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है। इसके लिए इंटरमीडिएट एजुकेशन एक्ट 1921 में संशोधन करते हुए विशेष सचिव शासन उमेश चन्द्र ने शुक्रवार को महानिदेशक को नई समय सारिणी भेजी है। पहले एक अप्रैल से 30 सितंबर तक सुबह 7:30 से 12:30 बजे तक और एक अक्तूबर से 31 मार्च तक सुबह 8:50 से 2:50 तक स्कूलों की टाइमिंग निर्धारित थी।

अब सभी राजकीय, माध्यमिक व वित्तविहीन स्कूल एक अप्रैल से 30 सितंबर तक 7:30 से 1:30 बजे तक और एक अक्तूबर से 31 मार्च तक सुबह 9:30 से 3:30 बजे तक संचालित होंगे। एक अप्रैल से 30 सितंबर तक 15 मिनट प्रार्थना सभा के बाद पहली पाली में 7:45 से 40 मिनट के चार वादन (पीरियड) और 10:25 से 25 मिनट लंच के बाद 10:50 से दूसरी पाली में 40 मिनट के चार वादन (पीरियड) 1:30 बजे तक होंगे। एक अक्तूबर से 31 मार्च तक सुबह 15 मिनट प्रार्थना सभा के बाद 9:45 से पहली पाली में 40 मिनट के चार वादन (पीरियड) और 12:25 बजे 25 मिनट के लंच के बाद दूसरी पाली में 12:50 से 40 मिनट के चार वादन (पीरियड) 3:30 बजे तक होंगे।

220 शिक्षण दिवस में न्यूनतम 1200 घंटे पढ़ाई

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार एक शैक्षिक सत्र में 220 शिक्षण दिवसों में न्यूनतम 1200 घंटे का शिक्षण कार्य सुनिश्चित करने के लिए प्रतिदिन छह घंटे (प्रार्थना सभा और लंच को शामिल करते हुए) स्कूल संचालन अनिवार्य है। इसलिए इंटरमीडिएट एजुकेशन एक्ट 1921 में संशोधन करना पड़ा है। बदलाव के बाद स्कूल छह घंटे के लिए खुलेंगे। वर्तमान में 1100 घंटे का शिक्षण, पाठ्यसहगामी और पाठ्येत्तर क्रियाकलाप संपादित हो पाते हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें