Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़Aligarh BJP workers Ruckus in ADA regarding the map of Housing Project workers closed the gate

यहां आफिस में आकर गुंडागर्दी करोगे...नक्शे को लेकर एडीए में भाजपाइयों का हंगामा, कर्मियों ने गेट किया बंद

अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) कार्यालय में गुरुवार को भाजयुमो के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। अफसरों से बंद कमरे में खूब नोकझोंक हुई। फाइलें तक फेंकी गईं। वीडियो भी वायरल है।

Yogesh Yadav हिन्दुस्तान, अलीगढ़Thu, 12 Oct 2023 05:22 PM
share Share

अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) कार्यालय में गुरुवार को भाजयुमो के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। अफसरों से बंद कमरे में खूब नोकझोंक हुई। फाइलें तक फेंकी गईं। घबराए एडीए स्टाफ ने कार्यालय के गेट पर ही ताला डालकर बंद कर दिया। हंगामा बढ़ने पर दो थानों का फोर्स पहुंची। करीब पौन घंटे तक चले हंगामे के बाद भाजयुमो जिलाध्यक्ष एडीए अफसरों पर आरोप लगाए। वहीं एडीए वीसी ने मामले की जांच कराए जाने की बात कही। बवाल का वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पहले आवाज सुनाई देती है जिसमें कोई शख्स कह रहा है कि चौथ वसूली करोगे यहां बैठकर, फिर सुनाई देता क्या कर लोगे तुम। फिर एक और आवाज आती है, गुंडागर्दी करोगे तुम ऑफिस में आकर।

बताया जाता है कि विवाद क्वार्सी क्षेत्र में एक ग्रुप हाउसिंग के मानचित्र से जुड़ा बताया जा रहा है। गुरुवार शाम करीब पौने बजे भाजयुमो जिलाध्यक्ष धर्मवीर लोधी मानचित्र के निर्माण की सिफारिश लेकर एक्सईएन मनोज उपाध्याय के कार्यालय पहुंचे। जहां पहले से एई आरके गुप्ता व जेई गंगेश कुमार सिंह भी मौजूद थे। भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने एक्सईएन से मानचित्र के निर्माण के संबंध मं वार्ता शुरू की। जिलाध्यक्ष का आरोप है कि इस दौरान एई व जेई ने हस्तक्षेप करते बोलना शुरू कर दिया।

इस बात को लेकर भाजपाइयों व एडीए अफसरों में नोकझोंक शुरू हो गई। कुछ ही देर में बहस होने लगी। नौबत फाइलें फेंके जाने तक की आ गई। हंगामा बढ़ने पर भाजुयमो के तमाम कार्यकर्ता एडीए कार्यालय पर एकत्रित होने शुरू हो गए। उस समय कार्यालय में एडीए वीसी अतुल वत्स नहीं थे। कार्यकर्ताओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए घबराए एडीए कर्मचारियों ने कार्यालय के दोनों गेटों पर ताले डाल दिए।

इसको लेकर हंगामा और बढ़ गया। कुछ ही देर में सूचना मिलते ही एडीए वीसी अतुल वत्स व थाना सिविल और क्वार्सी इंस्पेक्टर मय फोर्स के कार्यालय पहुंच गए, तब जाकर हंगामा शांत हुआ।

भाजुयमो जिलाध्यक्ष को बंधक बनाने की उड़ी अफवाह :
भाजयुमो के दो पदाधिकारियों का जन्मदिन मनाने के लिए तमाम कार्यकर्ता रामघाट रोड स्थित एक फूड प्लाजा पर एकत्रित हुए थे। इसी दौरान एडीए कार्यालय में हुए हंगामे के दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष को कार्यालय बंद कर बंधक बनाने की अफवाह उड़ गई। जिसके बाद काफी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता कार्यालय पहुंच गए थे।

एक्सईएन कार्यालय में हुए बवाल का वीडियो वायरल :
एडीए एक्सईएन के कार्यालय में जो कुछ हुआ। उस पूरे घटनाक्रम से एडीए अफसर व भाजयुमो जिलाध्यक्ष पल्ला झाड़ रहे हैं। वहीं एक्सईएन कार्यालय में जो वबाल हुआ। उसकी वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वायरल वीडियो में पहले आवाज सुनाई देते ही जिसमें कोई शख्स कह रहा है कि चौथ वसूली करोगे यहां बैठकर, फिर सुनाई देता क्या कर लोगे तुम। फिर एक और आवाज आती है, गुंडागर्दी करोगे तुम ऑफिस में आकर। करीब 18 सेकेंड की वायरल वीडियो में खूब हंगामे की आवाज आ रही हैं। वहीं एक वायरल फोटो में भाजयुमो जिलाध्यक्ष कुर्सी पर बैठे दिख रहे हैं और फर्श पर फाइल फैली पड़ी है। पास में ही एडीए के जेई खड़े दिखाई दे रहे हैं।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष हंगामे के बाद पूरे मामले को स्पष्ट बताने से बचते दिखे :
भाजयुमो जिलाध्यक्ष एडीए कार्यालय में हुए हंगामे के बाद मीडिया से पूरे मामले को स्पष्ट बताने से बचते दिखे। वह सिर्फ इतना बता पाए कि क्वार्सी क्षेत्र के एक परिचित अली द्वारा कराए जा रहे निर्माण का नक्शा था। क्वार्सी में किस स्थान का था, कितने एरिया का था। इन सवालों का जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने बताया कि नक्शा अपलोड नहीं हो पा रहा था। इस संबंध में एक्सईएन से कहा गया था कि कृपया यह साफ हो जाए कि नक्शा पास हो जाएगा या नहीं। इससे ज्यादा वह कुछ नहीं बता सके।

एडीए वीसी अतुल वत्स के अनुसार भाजयुमो जिलाध्यक्ष आए थे। उन्होंने शिकायत की थी कि उनके साथ उग्र व्यवहार किया गया। उनके द्वारा कुछ साक्ष्य भी दिए हैं। उनकी जांच कर कार्यवाही की जाएगी। क्वार्सी क्षेत्र से जुड़े निर्माण की एक फाइल से जुड़ा मामला है। कार्यालय में कोई हंगामा नहीं हुआ।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष धर्मवीर लोधी ने कहा कि एक मानचित्र स्वीकृत करने में एडीए के एई व जेई ने अड़ंगा लगाया हुआ था। उनकी डिमांड पूरी नहीं होने की वजह से वह ऐसा कर रहे हैं। इसी संबंध में आज एक्सईएन से वार्ता करने आए थे। जहां एई-जेई ने वार्ता में हस्तक्षेप किया। फाइलें खुद ही फेंक दीं। पूरे मामला एडीए वीसी के संज्ञान में ला दिया गया है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें