भोर में 3 बजे सिसवा चीनी मिल में स्टीम पाइप फटा, इंजीनियर सहित 2 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल
- स्टीम पाइप की चपेट में आने से मिल के 55 वर्षीय विजयंत अग्रवाल व 50 वर्षीय महिपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मिल के कर्मचारियों ने घायलावस्था में दोनों को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। दोनों का प्राथमिक इलाज कर डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

Accident in Sugar Mill: यूपी के महाराजगंज में सिसवा आईपीएल शुगर मिल के मिल हाउस में मंगलवार की भोर में स्टीम पाइप फटने से मिल के इंजीनियर सहित दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मंगलवार की भोर में तकरीबन तीन बजे फैक्ट्री के मिल हाउस में चीफ इंजीनियर व इंजीनियर सहित कुछ कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर तैनात होकर मिल के संयंत्रों की जांच कर रहे थे। बताया जाता है कि इसी दौरान अचानक बगल में लगा स्टीम पाइप जोरदार धमाके के साथ फट गया। पहले तो कर्मचारी कुछ समझ नहीं पाए।
बाद में देखा तो स्टीम पाइप की चपेट में आने से मिल के 55 वर्षीय विजयंत अग्रवाल व 50 वर्षीय महिपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मिल के कर्मचारियों ने घायलावस्था में दोनों को सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। दोनों का प्राथमिक इलाज कर डॉक्टर ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है।
क्या बोले शुगर मिल के अधिकारी
आईपीएल शुगर मिल सिसवा के यूनिट हेड संदीप पंवार ने कहा कि भोर में मिल हाउस का स्टीम पाइप फटने से दो कर्मचारी घायल हुए हैं। दोनों की हालत में सुधार है। स्टीम पाइप को भी दुरुस्त करा दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।