शहर और गांव में उड़े अबीर-गुलाल, जमकर खेली गई होली
Sonbhadra News - शहर और गांव में उड़े अबीर-गुलाल, जमकर खेली गई होली दौरान सेल्फी लेती युवतियां। फोटो कैप्सन:21- राबर्ट्सगंज नगर के धर्मशाला चौक पर होली में मस्ती करते ब

सोनभद्र, संवाददाता। जिले में दो दिनों तक मनाए गए रंगों का पर्व होली के मौके पर शहर और गांव में जमकर अबीर-गुलाल उड़े। इस दौरान सभी लोगों ने जमकर होली खेली। नगर के मोहल्ले और गांवों में सुबह से रंग और शाम को फाग गीत के साथ अबीर और गुलाल लोगों ने खेला।
जनपद में कुछ जगहों पर शुक्रवार को कई जगहों पर शनिवार को होली का त्योहार मनाया गया। होली के मौके पर युवा किशोर से लेकर बुजुर्ग तक ढ़ोल थाप और डीजे पर फाग गीत गाते हुए खूब झूमे। पिचकारी में भरे रंग बिरंगे रंग एक दूसरे पर बरसाते रहे। होली पर शांति व्यवस्था कायम रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस फोर्स मुस्तैद रहीं। रंगोत्सव पर पर लोगों में उल्लास देखा जा रहा था। जिला मुख्यालय स्थित राबर्ट्सगंज नगर में सुबह से ही होली खेलने वालों की टोली लोगों को रंग अबीर गुलाल लगाती नजर आई। राबर्ट्सगंज बाजार में युवा, बच्चे व बुजर्ग अलग-अलग टोलियों में होली खेलते नजर आए। इस दौरान जगह गाजे-बाजे के साथ लोगों को होली खेलते और झूमते नाचते भी देखा गया। सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक होली का रंग अपने सबाब पर रहा। सभी एक दूसरे को रंग लगाते और होली की बधाई देते नजर आए। दोपहर एक बजे के बाद रंगों का माहौल ठंडा पड़ गया। शाम को अबीर गुलाल लगाकर एक दूसरे को गले लगाकर होली की शुभकाना दी। होली के दिन नगर में सारे व्यावसायिक प्रतिष्ठान व दुकानों के शटर बंद रहे। शहर के सड़कों से लेकर गलियों तक में सन्नाटा था। जगह- जगह सिर्फ रंगों में रंगे लोग भी दिखाई दे रहे थे। टोली में शामिल युवाओं ने घर-घर जाकर होली खेली। ग्रामीण इलाकों में भी शांति और सौहार्द के साथ होली खेली गयी। लोग एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देते नजर जाएं। शाम को महिलाओं और बच्चों की टोली एक दूसरे के घर जाकर अबीर गुलाल लगाकर तथा तरह-तरह के बने पकवानों का आनंद लेते हुए व शुभकामना देते हुए देखा गया।
विंढमगंज प्रतिनिधि के अनुसार: पवित्र रंगों का त्योहार होली में क्षेत्र के बुटबेढवा, धरतीडोलवा, सलैयाडीह, मुड़ीसेमर, घिवही, हरनाकछार, पटेल नगर, भारत मोड़, हरपुर सहित सभी ग्राम पंचायत में शांतिपूर्ण तरीके से स्थानीय प्रशासन की निगरानी में होली का त्योहार मनाया गया। होली के त्योहार को युवाओं ने बढ़-चढ़कर सुबह लगभग 11 से दोपहर दो बजे तक घरों के सामने मधुर ध्वनि पर होली के गीतों को बजा जमकर रंग खेला। वहीं शाम लगभग चार बजे से 10 बजे रात्रि तक अपने-अपने परिचितों, सगे संबंधियों को अबीर गुलाल लगा चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही साथ अपने-अपने मित्र व परजिनों के यहां पूड़ी, पकवान, मिष्ठान का भरपूर आनंद लिया।
घोरावल प्रतिनिधि के अनुसार: तहसील के ग्रामीण एवं नगरीय अंचलों में परंपरा एवं उल्लास पूर्वक रंगोत्सव होली का पर्व मनाया गया। होली का पर्व एवं जुमा एक ही दिन पड़ने से प्रशासन शांति व्यवस्था के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहा। जगह-जगह पर स्थानीय पुलिस द्वारा गस्त किया गया। दोनों ही पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। इसके पूर्व गुरुवार की देर रात होलिका दहन किया गया। जिसमें हजारों लोग सम्मिलित हुए। होलिका दहन स्थल पर आकर्षक सजावट, डीजे एवं झालर की रोशनी तथा आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहा। दिन में जहां लोगों ने रंग खेल कर एक दूसरे को होली की बधाई दी वहीं दूसरी मीटिंग अबीर और गुलाल लगाकर एक दूसरे के गले मिलकर देर रात तक होली शुभकामना का कार्यक्रम चलता रहा। तहसील क्षेत्र में कहीं अप्रिय घटना की सूचना नहीं रही। शांतिपूर्वक होली का पर्व मनाया गया।
दुद्धी प्रतिनिधि के अनुसार:रंगों के त्योहार होली पर दुद्धी तहसील मुख्यालय संकट मोचन मंदिर के सामने नगर वासियों ने जमकर खेली होली। आसपास के क्षेत्रीय गांव बीड़र, जाबर, खजुरी, धनौरा, डुमरडीहा, गुलाल झरिया, रजखड़, दुमहान सहित अन्य गांव में शांतिपूर्ण तरीके से स्थानीय प्रशासन की निगरानी में मनाये गए होली के त्योहार में युवाओं ने बढ़-चढ़कर होली खेली।
केकराही प्रतिनिधि के अनुसार: करमा थाना क्षेत्र में होली का पर्व शांति पूर्ण तरीके से सकुशल संपन्न हो गया। करमा पुलिस दिनभर ग्रामीण अंचलों में भ्रमण करती दिखी। सुबह से लोग अपने अपने घरों में अबीर गुलाल लगाकर एक दूसरे को बधाई देते रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में मंदिर और घरों पर फगुआ गीत होता रहा। दोपहर 12:00 बजे के बाद जलरंगों की होली बंद हो गई।
होली पर खूब बरसे अबीर-गुलाल, खूब की मस्ती
म्योरपुर, हिन्दुस्तान संवाद।
स्थानीय थाना क्षेत्र में शुक्रवार को होली का त्योहार शांति और सौहार्द पूर्ण संपन्न हुआ। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार की होली के दिन दुर्घटनाएं और मारपीट की घटनाएं भी नहीं हुई। पुलिस ने ऐसे स्थानों और गांव को पहले से चिन्हित कर सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी रखी थी। गांव और कस्बे में युवाओं का हुजूम निकला और कपड़ा फाड़ होली खेली गई। कस्बा में पहली बार एक साथ सैकड़ों युवाओं ने डीजे पर नृत्य किया और अबीर गुलाल लगाए और खूब मस्ती की। ग्रामीण अंचलों में मानर की थाप और कमर में पैजनिया बांध होली गाई व खेली गई। प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में शांति पूर्ण होली मनाई गई।
शक्तिनगर क्षेत्र में शांति पूर्वक मना होली का त्योहार
शक्तिनगर, हिन्दुस्तान संवाद।
स्थानीय क्षेत्र में शुक्रवार को होली का पर्व शांति पूर्व तरीके से संपन्न हुआ। दिनभर शक्तिनगर और बीना पुलिस क्षेत्र में भ्रमण करती दिखी। सुबह से लोग संगठन कार्यालय समेत घरों में अबीर-गुलाल लगाकर एक दूसरे को बधाई देते रहे। चारों तरफ होली के गाने से पूरा क्षेत्र होली मय हो गया। उधर लोग ग्रामीण क्षेत्रों के साथ मंदिर घरों पर फगुआ गीत चलता रहा। दोपहर दो बजे के बाद माहौल शांत होने के साथ पुलिस मस्जिदों के बाहर खड़ी होकर मुस्लिम भाइयों के नमाज अदा करने तक अड़ी रही। शनिवार को भी शक्तिनगर थाने व बीना चौकी में होली खेली गई।
आपसी मतभेद भूलाकर एक दूसरे के गले मिले लोग
सांगोबांध, हिन्दुस्तान संवाद।
बभनी थाना क्षेत्र में रंगों का त्योहार होली हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस दौरान अबीर-गुलाल उड़ाए गए और एक-दूसरे को विभिन्न प्रकार के रंगों से रंगकर उनके जीवन को रंगीन बनाने की कामना की गई। रंगों के इस त्योहार में लोग आपसी मतभेद भूलाकर एक-दूसरे से गले मिल रहे थे। दक्षिणाचंल में होली पर विशेष उत्साह देखा गया। चपकी में होली पर विशेष शोभा यात्रा निकाली गई।
होलिका दहन के साथ ही होली का उत्साह व उमंग देखने को मिल रहा था। बभनी में पारंपरिक रूप से विधि-विधान से होलिका दहन किया गया। इसके बाद लोगों में रंगोत्सव का खुमार चढ़ने लगा। होलिका दहन के दूसरे दिन सुबह से ही लोग एक-दूसरे पर रंग लगाने के लिए टूट पड़े। क्या बच्चे, क्या बूढ़े और क्या जवान, सभी होली के रंग से सराबोर थे। बभनी थाना क्षेत्र के असनहर, संवरा, डूभा, भंवर, बभनी, आसनडीह, सांगोबांध,बैना,चौना, चपकी सहित सभी स्थानों पर धूमधाम से होली मनाई गई। पुलिस प्रशासन की पेट्रोलिंग गाड़ियां क्षेत्र में चक्कर लगाती रही। प्रभारी निरीक्षक सदानंद अपनी टीम के क्षेत्र में निगरानी बनाये रखे। रमजान के शुक्रवार होने के कारण विशेष सतर्कता बरती गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।