अज्ञात वाहन के धक्के से अधेड़ की मौत
Sonbhadra News - सोनभद्र के जिला अस्पताल के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 40 वर्षीय मकसूद की मौत हो गई। वह अपनी पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराने आया था। रात में खाना लेने जाते समय यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को...

सोनभद्र, संवाददाता। जिला अस्पताल लोढ़ी मेन गेट के समीप वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शुक्रवार की रात अज्ञात वाहन के धक्के से एक अधेड़ की मौत हो गई। वह अपने पत्नी का जिला अस्पताल में उपचार कराने के लिए आया था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस में रखवा दिया। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के नरोखर गांव निवासी 40 वर्षीय मकसूद पुत्र मदीन खां अपने पत्नी आसमीन को पेट में पथरी होने के चलते शुक्रवार की सुबह भर्ती कराया था। दोपहर बाद आसमीन का आपरेशन के बाद पथरी निकाली गई। बताया जा रहा है कि रात में मकसूद लोढ़ी में रहने वाले अपने किसी रिश्तेदार के घर खाना लेने के लिए गया था।
खाना लेकर वापस आते समय रात करीब साढ़े दस बजे जिला अस्पताल के सामने मेन गेट वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के बाद आनन-फानन में लोढ़ी चौकी पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि सिर में गंभीर चोट लगने के चलते मौत हुई है। उधर इसकी जानकारी जब परिजनों की हुई तो रात में लोग अस्पताल पहुंचे। शनिवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।