सोनांचल में चली धूल भरी आंधी, गिरा तापमान
Sonbhadra News - सोनभद्र में रविवार को धूल भरी आंधी के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ। अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट और न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। धूल भरी आंधी से आम और महुआ की फसलों को काफी...

सोनभद्र, संवाददाता। सोनांचल में रविवार को चली धूप भरी आंधी से जनजीवन प्रभावित हुआ। वहीं धूल भरी आंधी और छिटपुट बूंदाबादी के कारण जहां अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं न्यूनतम तापमान चार डिग्री से अधिक बढ़ गया। इससे दिन में लोगों को तपिश से राहत मिली, लेकिन रात में गर्मी बढ़ गई। उधर धूल भरी आंधी चलने के कारण आम और महुआ की फसलों का काफी नुकसान हुआ। सोनांचल में रविवार की सुबह तेज धूप निकली, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद आसमान में बादल छा गए। इससे लोगों को तपिश से काफी राहत मिली। वहीं तापमान भी गिर गया। मौसम विभाग के प्रेक्षक राजन सिंह ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 40.5 और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 43.2 और न्यूनतम तापमान 23.0 रहा। दोपहर बाद बादल छा जाने के कारण अधिकतम तापमान दो डिग्री गिर गया, जिससे लोगों को तपिश से राहत मिली। वहीं न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की वृद्धि होने के कारण उमस और गर्मी बढ़ गई। दोपहर तीन बजे के बाद धूल भरी आंधी शुरु हो गई। आंधी का असर सोनांचल के सभी इलाकों में रहा। वहीं आंधी के साथ छिटपुट बूंदाबादी भी हुई। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ। आंधी के कारण दक्षिणांचल में आम और महुआ की फसलों को काफी क्षति पहुंची है।
करमा प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में रविवार की शाम पांच बजे धूल भरी आंधी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। इससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी। आंधी से सबसे ज्यादा नुकसान आम की फसल को हुआ। तेज आंधी के कारण आम के फल गिर गए।
म्योरपुर प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र में रविवार की शाम साढ़े चार बजे लगातार दूसरे दिन भी धूल भरी आंधी से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। जंगलों और गावों में कई पेड़ गिर गए। वही बिजली आपूर्ति के प्रयास को भी धक्का लगा है। सबसे ज्यादा नुकसान आम और महुआ की फसल पर पड़ा है। आश्रम के आम बगीचा सहित गांवों में आम के फल गिर गए और भारी नुकसान हुआ है।
चमक गरज के साथ हुई बूंदाबादी
सागोबांध। बभनी क्षेत्र के चौना, बैना, कोंगा, बभनी, चैनपुर, घघरी आदि गांवों में रविवार की शाम चार बजे के बाद तेज आंधी और चमक गरज के साथ बूंदाबादी शुरु हो गई। आंधी और बूंदाबादी के कारण लोगों को तपिश और गर्मी से काफी राहत मिली। वही आंधी चलने के कारण कुछ देर पहले शुरु हुई बिजली आपूर्ति फिर ठप हो गई। खबर लिखे जाने तक बूंदाबांदी हो रही थी। वहीं बूंदाबदी के कारण मौसम कुछ ठंडा हो गया और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की।
धूल भरी आंधी से पूरे दिन गुल रही बिजली
घोरावल, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय क्षेत्र में रविवार को तेज आंधी एवं हल्की बौछार के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सुबह तेज आंधी के कारण जहां विद्युत कटौती से रविवार को दिन भर लोग परेशान रहे, वही वहीं दोपहर में आई तेज आंधी के कारण एक समय पूरे क्षेत्र में अंधेरा छाया रहा। लोग सुरक्षित छाया की तलाश में इधर-उधर भागने लगे। इस तरह रविवार को दिन में दो बार आंधी के कारण लोग परेशान दिखे। आंधी के कारण धन-जन नुकसान की कोई सूचना नहीं है, लेकिन सुबह आठ बजे से जो विद्युत कटौती हुई वह समाचार लिखे जाने तक बहाल नहीं हो सकी। कई गांव में पेड़ की डालियां टूटने से लोग परेशान दिखे। विद्युत कटौती के कारण पेयजल के लिए लोग हलकान तथा उद्योग धंधे प्रभावित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।