भागवत कथा सुनने से दूर होते दुख
Sitapur News - लहरपुर में नवरात्र महोत्सव के दौरान दुर्गाजागरण समिति द्वारा 34वें श्री शत चंडी महायज्ञ और श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया गया। यज्ञ आचार्य पंडित गरुड़ध्वज बाजपेई ने पूजा की और विश्व शांति की कामना...

लहरपुर। नवरात्र महोत्सव में दुर्गाजागरण समिति केशरी गंज की ओर से आयोजित 34 वें श्री शत चंडी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा में यज्ञ आचार्य पंडित गरुड़ध्वज बाजपेई ने पूजा-अर्चना कर विश्व शांति की कामना की। तत्पश्चात श्रीमद् भागवत कथा में कथा व्यास पंडित गोविंदाचार्य महराज ने गोवर्धन पूजा का प्रसंग सुनाया। कहा कि, देवराज इंद्र को अपनी शक्ति और सत्ता पर घमंड हो गया था। उनके घमंड को चूर करने को भगवान श्री कृष्ण ने देवराज इंद्र की पूजा बंद कराकर गोवर्धन पूजा शुरू कराई, जिस पर नाराज होकर इंद्र देव ने ब्रज मंडल पर भारी बरसात कराई। भक्तों की रक्षा के लिए भगवान श्री कष्ण ने इंद्र के कहर से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर उठा लिया और सभी ब्रजमंडल के लोगों ने पर्वत के नीचे शरण ली। कथा व्यास ने कहा कि भगवान तो सदैव अपने भक्तों की रक्षा करने को तत्पर रहते हैं, उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा सुनने मात्र से ही मनुष्य के सभी दुख दूर हो जाते हैं। नवरात्र महोत्सव के तहत नगर के मां पूर्वीन देवी मंदिर में गायत्री परिवार द्वारा विधि विधान से हवन किया गया व साध्य बेला में भगवान के विभिन्न स्वरूपों की भव्य झांकियां का सजीव मंचन किया गया व भजन संध्या में मां के भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति की गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।